Ashok Nagar Theft : रांची जिले के अशोक नगर स्थित बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर में 8 जुलाई की रात हुई चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश ऑटो से फरार हुए थे. पहले वे अशोक नगर से हवाई नगर की ओर गये, फिर वापस बिरसा चौक पहुंचे. यहां एक दुकान पर चाय पी और सिगरेट पी. इसके बाद नौ जुलाई की सुबह 4.10 बजे बिरसा चौक स्थित होटल पार्क रिट्रीट पहुंचे. होटल के कमरे में कुछ देर रुककर सामान पैक किया. सुबह 5.17 बजे होटल से निकलते समय गार्ड को 50 रुपये बख्शीश भी दी. इसके बाद करीब 80 लाख रुपये कीमत की जगुआर कार की डिक्की में सामान रख तमाड़-बुंडू के रास्ते जमशेदपुर-चाईबासा की ओर फरार हो गये.
सीसीटीवी के सहारे आरोपियों की तलाश, नहीं मिला सुराग
घटना के बाद नौ जुलाई को पुलिस अशोक नगर से सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए होटल पार्क रिट्रीट तक पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से निकल चुके थे. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनके भागने के संभावित रास्ते पर भी पीछा किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली.
जमशेदपुर चोरी कांड से जुड़ रहे तार
उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष मार्च में जमशेदपुर में भी दो घरों में चोरी की वारदात हुई थी. उन घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज में दिखे बदमाशों का हुलिया और चोरी का तरीका अशोक नगर की घटना से काफी मिलता-जुलता है. पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है.
होटल से पुलिस ने जब्त किया सीसीटीवी का डीवीआर
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने होटल पार्क रिट्रीट में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर जब्त कर लिया है. इसकी जांच की जा रही है, जिससे आरोपियों की गतिविधियों और उनकी पहचान से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण सुराग मिल सकें.
इसे भी पढ़ें: जनता के हितों के आगे झुक गए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, 24 घंटे के अंदर खुला गुमला नगर परिषद का ताला
इसे भी पढ़ें: खाद की कालाबाजारी करने वालों की खैर नहीं, डीसी ने दिया नियमित छापेमारी का निर्देश
The post अशोक नगर में चोरी कर ऑटो से भागे थे बदमाश, बिरसा चौक पर पी थी चाय appeared first on Naya Vichar.

