मो तसलीम की रिपोर्ट
Chatra Muharram: चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र के गोढ़ाई गांव में मुहर्रम जुलूस समाप्त होने के कुछ देर बाद हुई चाकूबाजी की घटना में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद पूरे गांव में मातम और तनाव का माहौल है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई. मृतक की पहचान मो. शाहजहां (17 वर्ष) पिता मो. आबिद के रूप में हुई है. वहीं मृतक के चाचा मो. साबिर गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज रिम्स, रांची में चल रहा है.
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार, मुहर्रम का जुलूस खत्म होने के बाद दो-चार युवक मो. साबिर के घर में घुस गए और चाकू से हमला कर दिया. भतीजा शाहजहां वहां पहुंचा और हमलावरों से हमला करने का कारण पूछा. इस दौरान हमलावरों ने शाहजहां पर भी चाकू से हमला कर दिया. घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को सदर अस्पताल चतरा ले गए. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान शाहजहां की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल साबिर को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची भेज दिया गया.
बच्चों के बीच हुए पुराने विवाद को माना जा रहा कारण
ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले बच्चों के बीच हुई मारपीट को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था. पंचायती भी हुई थी. उसी विवाद की रंजिश में यह घटना हुई. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. शाहजहां छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में रहकर सैलून चलाता था. मुहर्रम के अवसर पर वह अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए गांव आया था, लेकिन त्योहार की खुशियां कुछ ही देर में मातम में बदल गईं.
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. शव को कब्जे में कर सदर अस्पताल चतरा में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. मृतक के परिजनों के आवेदन के आधार पर पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी अभियान चला रही है. सूत्रों के अनुसार पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
यह भी पढ़ें: रांची में 177 करोड़ में बनेगा पहला शानदार सिक्स लेन का स्मार्ट रोड, फुटपाथ के साथ बनेगा साइकिल ट्रैक
यह भी पढ़ें: धनबाद, खरसावां और नोवामुंडी में 28 जून से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, लाखों बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक
The post चतरा में मुहर्रम के बाद किशोर की चाकू मारकर हत्या, चाचा गंभीर रूप से घायल appeared first on Naya Vichar.
