Hot News

ट्रंप के दावे को थाईलैंड ने बताया झूठा, कंबोडिया बॉर्डर पर अब भी चल रही गोलीबारी, PM अनुतिन का बड़ा बयान- ‘जंग अब भी जारी’

Thailand Cambodia Conflict: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रही लड़ाई को लेकर शनिवार को जबरदस्त भ्रम की स्थिति बन गई. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा कर दिया कि दोनों देशों के बीच सीजफायर यानी लड़ाई रोकने पर सहमति बन गई है. लेकिन कुछ ही घंटों बाद थाईलैंड की प्रशासन ने साफ कह दिया कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है. सीमा पर लड़ाई चल रही है, सैनिक मोर्चे पर हैं और हालात पहले जैसे ही तनावपूर्ण बने हुए हैं. बैंकाक पोस्ट के मुताबिक, थाई प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने शनिवार को कहा कि कंबोडिया के साथ किसी भी तरह का संघर्ष विराम तय नहीं हुआ है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस वक्त न तो सीजफायर की कोई बातचीत चल रही है और न ही सेना को लड़ाई रोकने का आदेश दिया गया है. अनुतिन ने कहा कि जब तक स्थिति पूरी तरह साफ नहीं होती, तब तक सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी. (Thailand Cambodia Conflict Trump Ceasefire Claim Denied By Thailand)

मलेशिया की अपील 

इसी बीच मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने दोनों देशों से शनिवार रात 10 बजे से लड़ाई रोकने की अपील की थी. इसके कुछ ही समय बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने खुद थाईलैंड और कंबोडिया के प्रधानमंत्रियों से बात कर ली है और दोनों देश गोलीबारी रोकने पर राजी हो गए हैं. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि थाई प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल और कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट से उनकी अच्छी बातचीत हुई है और दोनों ने गोलीबारी रोकने पर सहमति दे दी है.

ट्रंप के इस दावे के बाद जब जमीनी हालात देखे गए तो कहानी बिल्कुल अलग निकली. न थाई प्रधानमंत्री अनुतिन और न ही कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट ने अपने आधिकारिक बयानों में किसी सीजफायर का जिक्र किया. उल्टा, सीमा पर गोलीबारी और हमले जारी रहे. अल जजीरा के अनुसार, पिछले छह दिनों में दोनों देशों में मिलाकर 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. करीब 200 लोग घायल हुए हैं और हालात ऐसे बन गए हैं कि करीब 6 लाख लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं.

Thailand Cambodia Conflict in Hindi: सीमा विवाद की पुरानी कहानी

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच करीब 800 किलोमीटर लंबी सीमा है. इसी सीमा पर मौजूद सैकड़ों साल पुराने मंदिरों को लेकर दोनों देशों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है. इन्हीं मंदिरों के मालिकाने को लेकर बार-बार तनाव बढ़ता है और इस बार भी वही विवाद हिंसा की वजह बना है. ट्रंप के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए थाई प्रधानमंत्री अनुतिन ने कहा कि यह गलतफहमी भी हो सकती है. उन्होंने कहा कि इस समय बहुत सारी बातचीत चल रही है, लेकिन जमीनी हालात को देखते हुए सेना की बात को ज्यादा अहमियत दी जानी चाहिए. अनुतिन ने साफ कहा कि अभी सीजफायर की बातचीत का वक्त नहीं है. (Thailand Cambodia Conflict Trump Ceasefire Claim Denied By Thailand in Hindi)

रक्षा मंत्री बोले- सेना को कोई आदेश नहीं मिला

थाई रक्षा मंत्री जनरल नत्ताफोन नार्कफनित ने भी दो टूक कहा कि प्रशासन की ओर से सेना को सीजफायर का कोई आदेश नहीं दिया गया है. उन्होंने कहा कि जब तक कंबोडिया पूरी तरह से दुश्मनी बंद नहीं करता, तब तक थाई सेना अपना अभियान जारी रखेगी. थाई प्रधानमंत्री अनुतिन ने यह भी साफ किया कि अगर कंबोडिया सच में लड़ाई रोकना चाहता है, तो उसे थाईलैंड को औपचारिक प्रस्ताव देना होगा. उनके मुताबिक, सिर्फ बयान देना या आंशिक तौर पर लड़ाई रोकना, जबकि सैनिक मोर्चे पर मौजूद रहें इसे असली सीजफायर नहीं कहा जा सकता.

शनिवार को भी जारी रही लड़ाई

शनिवार को भी झड़पें थमी नहीं. थाई अधिकारियों के मुताबिक, उबोन राचथानी प्रांत में कंबोडिया की ओर से नए हमले किए गए. थाई सेना ने रणनीतिक हिल 677 पर दोबारा कब्जा किया, लेकिन इस दौरान चार थाई सैनिकों की मौत हो गई. अनुतिन ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब सुबह कंबोडिया की ओर से भारी हमला हुआ, BM-21 रॉकेट आम नागरिक इलाकों में गिरे और लोगों को गंभीर चोटें आईं, तो ऐसे हालात में सीजफायर की बात कैसे मानी जाए.

ये भी पढ़ें:

H-1B वीजा पर 1 लाख डॉलर फीस से हड़कंप, 20 राज्यों ने ट्रंप प्रशासन को घसीटा कोर्ट में, कहा- विदेशी टैलेंट की हो सकती है कमी 

6 महीने में 1 करोड़ की कमाई! अंटार्कटिका जाने की ऑफर पर अटका लड़का, बोला- क्या इसके लिए अपनी लव लाइफ दांव पर लगा दूं?

The post ट्रंप के दावे को थाईलैंड ने बताया झूठा, कंबोडिया बॉर्डर पर अब भी चल रही गोलीबारी, PM अनुतिन का बड़ा बयान- ‘जंग अब भी जारी’ appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top