गुवा से संदीप की रिपोर्ट
West Singhbhum News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के गुवा के हिरजीहाटिंग गांव में जल जीवन मिशन योजना पूरी तरह नाकाम होती नजर आ रही है. मिली जानकारी के अनुसार, लगभग चार साल पहले सोलर आधारित एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत यहां वर्ष 2022 में जल मीनार का निर्माण कराया गया था, जिसका उद्देश्य ग्रामीणों को शुद्ध पीने का पानी उपलब्ध कराना था. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जल मीनार स्थापित हुए चार साल गुजर जाने के बाद भी आज तक उससे लोगों को एक बूंद पानी तक नहीं मिल पाया है.
कागजों तक सीमित रह गई योजना
ग्रामीणों का आरोप है कि योजना सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गई है, जबकि जमीन पर इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है.
स्त्रीओं का फूटा गुस्सा
पानी की समस्या से परेशान हिरजीहाटिंग की स्त्रीओं ने नाराजगी जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया. स्त्रीओं का कहना है कि प्रशासन ने “हर घर जल” का वादा किया था, लेकिन आज तक गांव में पाइपलाइन तक नहीं बिछाई गई और न ही जल मीनार से जलापूर्ति शुरू की गई है, जिससे ग्रामीणों को आज भी पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है.
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द योजना को चालू किया जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, जिससे कि गांव के लोगों को शुद्ध पीने का पानी मिल सके.
यह भी पढ़ें: झारखंड में वेतन संकट: चुनाव ड्यूटी पर गए सचिव, 12 विभागों के कर्मियों की अटकी सैलरी
यह भी पढ़ें: धनबाद में कोल कारोबारी मनीष सिंह को अपराधियों ने मारी गोली, पुलिस जल्द करेगी बड़ा खुलासा
The post पश्चिमी सिंहभूम के हिरजीहाटिंग गांव में जल मिशन योजना फेल, जल मीनार खड़ा, पानी गायब appeared first on Naya Vichar.

