नया विचार न्यूज़ सरायरंजन |प्रखंड के कल्याणपुर गांव में रविवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में गांव की होनहार छात्रा भावना झा को प्रथम प्रयास में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में सफलता हासिल करने पर सम्मानित किया गया। भावना झा गांव निवासी संजीव कुमार झा की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव, समाज और समस्तीपुर जिले में खुशी का माहौल है।
समारोह का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष शशिधर के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर छात्रा भावना झा को पारंपरिक रूप से चादर, पाग और सम्मान-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष शशिधर ने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण परीक्षा में प्रथम प्रयास में सफलता प्राप्त करना गर्व की बात है। यह उपलब्धि केवल छात्रा और उसके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि भावना झा ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जिससे अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भावना आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूते हुए गांव, सरायरंजन प्रखंड और समस्तीपुर जिले का नाम रोशन करेंगी।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करना आसान नहीं होता। सीमित संसाधनों के बावजूद यदि छात्र-छात्राएं दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत करें तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। भावना झा की सफलता इसका जीवंत उदाहरण है।
समारोह में गांव के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं एवं स्त्रीओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया और छात्रा को शुभकामनाएं दीं। उपस्थित लोगों ने कहा कि भावना की सफलता से गांव के अन्य बच्चों में भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रति उत्साह बढ़ेगा।
कार्यक्रम में दीपक झा सहित गांव के दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने भावना झा की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।