इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने पुरुष टेस्ट टीम के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम को उनके पद से हटाने का फैसला किया है. सेन क्रिकेट की रिपोर्ट के मुताबिक मैकुलम टेस्ट टीम से अलग हो सकते हैं, हालांकि सीमित ओवरों की क्रिकेट में वह वनडे और टी20 टीम के कोच बने रह सकते हैं.
मैकुलम की संभावित विदाई ऐसे समय में हो रही है, जब कुछ दिन पहले ही टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था. स्टोक्स और मैकुलम की जोड़ी ने इंग्लैंड क्रिकेट में ‘बैजबॉल’ युग की शुरुआत की थी, जिसे आक्रामक बल्लेबाजी और निडर क्रिकेट के लिए जाना गया. हालांकि इस दौर को कई विवादों और टीम संस्कृति से जुड़े सवालों के लिए भी याद किया जाएगा.
शानदार शुरुआत के बाद पटरी से उतरा अभियान
मैकुलम के कार्यकाल की शुरुआत बेहद प्रभावशाली रही थी. इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के खिलाफ यादगार सीरीज जीत दर्ज की थी. इसके अलावा 2022 में हिंदुस्तान के खिलाफ पुनर्निर्धारित टेस्ट में भी शानदार जीत हासिल की थी.
हालांकि समय के साथ विरोधी टीमों ने बैजबॉल रणनीति को समझना शुरू कर दिया. इसके बाद इंग्लैंड को हिंदुस्तान, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज में 4-1 की हार ने भी टीम की कमजोरियों को उजागर किया.
न्यूजीलैंड के खिलाफ
टेस्ट सीरीज बनी वजह
पिछले महीने घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-1 की सीरीज हार को मैकुलम के कार्यकाल का निर्णायक मोड़ माना जा रहा है. इस दौरान टीम के माहौल और प्रबंधन को लेकर भी कई सवाल उठे. इसके बाद से ही मैकुलम के भविष्य पर चर्चाएं तेज हो गई थीं.
वॉन ने भी की थी बदलाव की मांग
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भी हाल ही में बड़े बदलाव की मांग की थी. उन्होंने कहा था कि बेन स्टोक्स के संन्यास और लगातार खराब होते नतीजों के बाद इंग्लैंड क्रिकेट में व्यापक बदलाव की जरूरत है. वॉन ने कोच ब्रेंडन मैकुलम और क्रिकेट निदेशक रॉब की को भी जिम्मेदार ठहराते हुए उनके पद छोड़ने की वकालत की थी.
अगर ECB आधिकारिक तौर पर इस फैसले की पुष्टि करता है, तो यह इंग्लैंड क्रिकेट के लिए एक नए दौर की शुरुआत होगी और बैजबॉल युग का औपचारिक अंत माना जाएगा.
ये भी पढ़ें: इंग्लैंड में टीम इंडिया का खराब प्रदर्शन: दो कोचों की हो सकती है छुट्टी, गंभीर की भी बढ़ीं मुश्किलें
The post बैजबॉल युग का अंत! स्टोक्स के संन्यास के बाद ब्रेंडन मैकुलम की भी टेस्ट टीम से हुई छुट्टी appeared first on Naya Vichar.
