सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात, बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर भी रिकॉर्ड होने का दावा फोटो बाइक से भागते चोर सीसीटीवी में कैद फोटो पिरीत स्त्री घटना की जानकारी देती
नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। थाना क्षेत्र के मुसरीघरारी चौक से आगे आरा मिल एवं उदापट्टी गांव स्थित मस्जिद के समीप शनिवार शाम करीब 5:38 बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने एक स्त्री के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि कैमरे में अपराधियों की बाइक और उसका रजिस्ट्रेशन नंबर भी रिकॉर्ड हुआ है।
पीड़िता की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बखरी बुजुर्ग गांव निवासी पंकज कुमार शाह की पत्नी गुड़िया कुमारी के रूप में हुई है। गुड़िया कुमारी ने बताया कि शनिवार शाम वह मुसरीघरारी चौक से जरूरी सामान की खरीदारी कर अपने घर लौट रही थीं। चौक से आगे आरा मिल और उदापट्टी गांव स्थित मस्जिद के सामने पहुंचने पर सड़क किनारे एक युवक खड़ा दिखाई दिया। वहीं दूसरा युवक बाइक स्टार्ट कर कुछ दूरी पर इंतजार कर रहा था।
स्त्री के अनुसार, जैसे ही वह सड़क किनारे खड़े युवक के पास से गुजरीं, उसने उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। स्त्री ने इसका विरोध किया तो अपराधी ने एक हाथ से मोबाइल छीनने की कोशिश जारी रखी और दूसरे हाथ से उनके गले से सोने की चेन झपट ली। चेन छीनने के बाद युवक तेजी से बाइक की ओर गया और पहले से बाइक स्टार्ट कर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया।
घटना के बाद स्त्री ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बाइक सवार अपराधियों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों तेज गति से बाइक चलाते हुए फरार हो गए। बाद में घटना की सूचना मुसरीघरारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वारदात के समय मुसरीघरारी पुलिस फतेहपुरवाला गांव में शराब बरामदगी की कार्रवाई में जुटी थी। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण जरूरी है। लोगों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
