नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर सोमवार को सरायरंजन थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुनील कुमार ने की। इसमें दोनों समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों, अखाड़ा समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ सुनील कुमार ने कहा कि सरायरंजन क्षेत्र में आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द की समृद्ध परंपरा रही है। सभी लोग मिल-जुलकर मोहर्रम पर्व मनाएं तथा ताजिया जुलूस के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखें। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा निर्धारित जुलूस मार्ग और समय का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बीडीओ ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान डीजे एवं अत्यधिक तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा अफवाह फैलाने वाले तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।
बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में वर्षों से कायम आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को बनाए रखने के लिए सभी लोग मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग प्रशासन को मिलेगा।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। नियमित गश्ती दल तैनात किए जाएंगे तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि बिना प्रशासनिक अनुमति और लाइसेंस के ताजिया जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। सभी अखाड़ा समितियों और जुलूस आयोजकों को निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अंचलाधिकारी निशांत कुमार, प्रखंड प्रमुख वीणा कुमारी, उप प्रमुख संजीव ठाकुर, सरायरंजन नगर पंचायत अध्यक्ष पूजा कुमारी, उपाध्यक्ष सुष्मिता कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी जयराम प्रसाद, सरपंच मनीष कुमार झा, रामयाद शांडिल्य सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग के साथ मनाने का संकल्प लिया तथा प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया