Swatantra Bharadwaj Viral Video : दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक के खिलाफ हुए प्रदर्शन के दौरान एक छात्र के पिता संजय कुमार से मारपीट का मामला गरमा गया है. सोशल मीडिया पर खुद को ‘स्वतंत्र सनातनी योद्धा’ बताने वाले इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट की चर्चा जोरों पर है. इसमें वह बेखौफ होकर यह कहता दिख रहा है कि उसने पीड़ित का सिर फोड़ दिया था, जिसके बाद उसके सिर पर 60 टांके लगे थे.
पॉडकास्ट में वो खुद कहता है कि इसके लिए उसपर धारा 307 के तहत हाफ मर्डर का केस लगना चाहिए था. उसके शब्दों में कहें तो “चिराग पासवान और मोदी जी अपने बड़े भैया हैं”. स्वतंत्र अपनी नेतृत्वक पहुंच की वजह से वह पूरी रात खुलेआम घूमता रहा और जेल तक नहीं गया. इतना ही नहीं, वह पुलिस जैसे जूते पहनकर रौब झाड़ने की बात भी कह रहा है.
राहुल गांधी का प्रशासन पर तीखा हमला
पीड़ित की बेटी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर न्याय की गुहार लगाई, जिस पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने तुरंत प्रतिक्रिया दी. राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि दलित बेटी के पिता का सिर फोड़ने वाला अपराधी खुलेआम क्यों घूम रहा है और उसे किसका संरक्षण हासिल है? उन्होंने छात्रा को भरोसा दिलाया कि पूरा विपक्ष उसके साथ खड़ा है. इधर, सीजेपी (CJP) नेताओं ने संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन कर आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की.
पुलिस की सफाई और FIR में नई धाराएं
मामला तूल पकड़ने के बाद दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि पीड़ित की चोटें गंभीर या खोपड़ी टूटने जैसी नहीं थीं, बल्कि हाथापाई में कड़े से मामूली चोट लगी थी. पुलिस के मुताबिक 23 जून की इस घटना में स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा चुकी है और जल्द ही चार्जशीट पेश की जाएगी. नए घटनाक्रम के बाद पुलिस ने वायरल पॉडकास्ट को जांच में शामिल करते हुए मामले में एससी/एसटी (SC/ST) एक्ट की धाराएं जोड़ दी हैं. दूसरी तरफ आरोपी ने सफाई दी है कि उसने यह सब भीड़ से बचने के लिए आत्मरक्षा (Self-Defence) में किया था.
ये भी पढ़ें: Nepal Flood Rescue : त्रिशूली सुरंग से 9 दिन बाद जिंदा निकले दो युवक, दर्जनों लोगों के फंसे होने की आशंका
ये भी पढ़ें: Nepal Flood Rescue VIDEO : 9 दिन बाद सुरंग से निकली जिंदगी, अंदर से आई आवाज और फिर शुरू हुआ रेस्क्यू, वीडियो में देखें पूरा ऑपरेशन
The post ‘सिर फोड़ा पर जेल नहीं गया’, पॉडकास्ट में शेखी बघारने वाले इन्फ्लुएंसर पर SC/ST एक्ट, राहुल गांधी ने पूछा- क्यों बचाया जा रहा? appeared first on Naya Vichar.

