रंका. रंका थाना क्षेत्र के गासेदाग गांव स्थित स्टोन माइंस के समीप पुलिस ने शुक्रवार को एक मजदूर का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद किया. मजदूर की पहचान थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी जगरनाथ भुइयां के पुत्र उमेश भुइयां (35) रूप में हुई है. शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी है. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों की नजर माइंस जाने वाले रास्ते में शव पर पड़ी, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. शव के सिर और चेहरे पर चोट के गहरे निशान मिले हैं. आसपास खून के धब्बे और शव को घसीटे जाने जैसे निशान भी पाये गये हैं, जिससे हत्या की आशंका जतायी जा रही है. मृतक के भाई रमेश भुइयां ने बताया कि उमेश अपने परिवार के साथ गासेदाग ईंट भट्टा में काम करता था. घटना की समाचार फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गयी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी ने बताया की प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि उमेश की मौत एक्सीडेंट में हुई है. हालांकि पुलिस एफआइआर दर्ज कर मामले की जांच में जुट गयी है.
The post ईंट भट्ठा मजदूर का संदिग्ध परिस्थिति में मिला शव appeared first on Naya Vichar.

