Hot News

जिन मतदाताओं के नाम कटे हैं, उनके घर जाकर करें जांच

सीएम के विधानसभा क्षेत्र में करीब 45 हजार मतदाताओं के नाम कटे हैं

संवाददाता, कोलकातापश्चिम बंगाल की भवानीपुर विधानसभा सीट से जुड़ा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआइआर) की प्रक्रिया का काम लगभग अपने आखिरी चरण में है, जिससे उक्त विधानसभा क्षेत्र के मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर बदलाव सामने आये हैं. एसआइआर प्रक्रिया के तहत भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से लगभग 45,000 मतदाताओं के नाम हटाये गये हैं. इसके बाद ही शुक्रवार को मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने अपने विधानसभा क्षेत्र के बीएलए-2 व पार्षदों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, ममता बनर्जी ने शुक्रवार की बैठक में बीएलए 2 और पार्षदों से कहा कि इस बार का विधानसभा चुनाव काफी महत्वपूर्ण है. याद रखें कि यह केंद्र व भाजपा के अत्याचार व बंगाल की उपेक्षा के खिलाफ लड़ाई है. आप दिन-रात मेहनत कर रहे हैं. आपको अगले कुछ दिनों तक और मेहनत करनी होगी. सीएम ने कहा कि मतदाता सूची से जिनका भी नाम कटा है, उनके घर-घर जायें और जांच करें. मुख्यमंत्री ने वार्ड 63 और 72 पर विशेष ज़ोर देने को कहा है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में कितने लोगों का नाम तार्किक विसंगतियों की सूची में शामिल है, उन्होंने यह सूची प्रस्तुत करने के लिए कहा है. सीएम ने कहा कि वार्ड नंबर 77 में कई नाम जानबूझकर काटे गये हैं. सीएम ने इसे लेकर फिरहाद हकीम और देबाशीष कुमार को हर दिन रिपोर्ट पेश करने को कहा है.

गौरतलब है कि भवानीपुर सीट, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का विधानसभा क्षेत्र है. भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र की जनसंख्या के मुताबिक, एसआइआर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 2,06,295 मतदाता दर्ज थे, लेकिन हाल ही में प्रकाशित ड्राफ्ट लिस्ट में सिर्फ लगभग 1,61,509 नाम शामिल हैं. इसका मतलब यह हुआ कि लगभग 44,787 मतदाताओं के नाम हटाये गये हैं, जो कुल मतदाताओं का करीब 21.7 फीसदी है. जानकारी के मुताबिक, इस पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आनन-फानन में कोलकाता के कालीघाट स्थित अपने पार्टी कार्यालय में बैठक की. इस बैठक में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से नाम हटाये जाने पर चर्चा की गयी. गौरतलब है कि भवानीपुर में मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाये जाने के बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय नेताओं को मतदाता सूची के पुनरीक्षण और सत्यापन के लिए निर्देश दिये हैं. सीएम ने कहा है कि किसी भी वैध मतदाता का नाम नहीं हटाया जाना चाहिए और प्रत्येक हटाये गये नाम की डोर-टू-डोर जांच की जानी चाहिए, ताकि किसी भी कमी को समय रहते दूर किया जा सके.

जानकारी के अनुसार, भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में जिन वार्डों में वोटर लिस्ट से नाम हटाये गये हैं, उनमें विशेष रूप से वार्ड 70, 72 और 77 शामिल हैं और इनमें से कुछ क्षेत्र अल्पसंख्यक और प्रवासी आबादी वाले इलाके हैं, जिनके नाम हटाये जाने पर सियासी और सामाजिक स्तर पर चिंता व्यक्त की जा रही है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के कुल वोटर्स में लगभग 40 फीसदी वोटर गुजराती, मारवाड़ी, सिख और बिहारी समाज से आते हैं. जबकि, करीब 20 फीसदी मतदाता मुस्लिम समुदाय से हैं.

इसके अलावा शेष 40 फीसदी मतदाता बंगाली समुदाय के हैं. इस सीट पर मुस्लिम वोटर्स की भूमिका निर्णायक मानी जाती है.

The post जिन मतदाताओं के नाम कटे हैं, उनके घर जाकर करें जांच appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top