बाराहाट. थाना क्षेत्र अंतर्गत औरिया गांव के समीप सड़क दुर्घटना में बुधवार की दोपहर पुराने सामानों के बदले नये सामान की फेरी का कारोबार करने वाले एक व्यक्ति की मौत हो गयी. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के एजी नगर निवासी साहेब के पुत्र खुर्शीद उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, मृतक बाराहाट बाजार में किराये के मकान में रहकर क्षेत्र में पुराने सामानों के बदले नये सामान की खरीद बिक्री का काम किया करता था. सुबह वह इसी काम के सिलसिले में क्षेत्र में गया हुआ था. वापसी के दौरान वह औरिया गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया, इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. घटना का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतक की बाइक ट्रक के पहिये में फंसकर तकरीबन 50 मीटर दूर तक घिसटती चली गयी. इसमें मृतक भी साथ में घसीटा चला गया. जिससे उसके शरीर के चिथडे उड़ गये. सूचना पर थानाध्यक्ष महेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को अपने नियंत्रण में किया. घटना के तुरंत बाद इस मार्ग पर जाम जैसा नजारा देखने को मिला. दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. पुलिस ने कड़ी मेहनत के बाद इस मार्ग से जाम को हटाया और आवागमन को बहाल किया. थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल के एक फेरी वाले की सड़क हादसे में मौत हुई है. शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. परिजन के आने पर आगे की विधि संवत कार्रवाई की जायेगी.
The post ओरिया के समीप सड़क हादसे में फेरी वाले की मौत appeared first on Naya Vichar.
