घर के पीछे पानी भरे गड्ढे में मिला 20 वर्षीय युवक का शव, चार माह पहले हुई थी शादी
चार दिन से था लापता, ग्रामीणों ने डॉग स्क्वायड से जांच कराने की मांग की; मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। थाना क्षेत्र की नौआचक पंचायत के वार्ड संख्या-2 में शनिवार को घर के पीछे झाड़ियों के बीच पानी से भरे गड्ढे में 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी कन्हैया मिश्रा के पुत्र आदित्य कुमार (20) के रूप में हुई है। आदित्य पिछले चार दिनों से लापता था। उसकी शादी महज चार माह पहले हुई थी। युवक का शव मिलने की समाचार से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, आदित्य 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर घर से कुछ दूरी पर लगे मेले में जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने सरायरंजन थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। चार दिनों से उसकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच शनिवार को घर के पीछे झाड़ियों के बीच स्थित पानी भरे गड्ढे में उसका शव दिखाई दिया।
जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में भरा था करीब 20 फीट पानी
ग्रामीणों के अनुसार, घर के पीछे जेसीबी से खोदा गया गड्ढा है, जिसमें करीब 20 फीट तक पानी भरा हुआ था। शनिवार को लोगों की नजर पानी में तैरते युवक के शव पर पड़ी। बताया गया कि शव का चेहरा पानी की ओर और पीठ ऊपर की तरफ थी। शव मिलने की सूचना फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
हत्या कर शव फेंकने की आशंका, डॉग स्क्वायड बुलाने की मांग
युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई कि युवक की हत्या कर शव को पानी भरे गड्ढे में फेंका गया होगा। हालांकि, मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता से जांच कराने और घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड बुलाकर जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पता लगाना जरूरी है कि आदित्य विजयादशमी का मेला देखने किन लोगों के साथ गया था। वह मेले से कब और कैसे लापता हुआ तथा उसके साथ आखिरी बार कौन था, इन सवालों के जवाब मिलने से घटना की गुत्थी सुलझाने में मदद मिल सकती है। फिलहाल ये सभी बिंदु जांच का विषय हैं।
14 साल पहले मां का निधन, पिता लुधियाना में करते हैं मजदूरी
आदित्य के पिता कन्हैया लुधियाना में मजदूरी करते हैं। उसकी मां का करीब 14 वर्ष पहले बीमारी के कारण निधन हो गया था। आदित्य दो भाइयों में बड़ा था। उसकी शादी चार माह पहले ही हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। कम उम्र में ही परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे आदित्य की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि युवक का शव बरामद हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना का जल्द खुलासा करने और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।