नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – मुसरीघरारी नगर पंचायत कार्यालय में शनिवार को मुख्य पार्षद दिव्या कुमारी और कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार रंजन की अध्यक्षता में विभिन्न मदों की बंदोबस्ती के लिए खुली डाक (नीलामी) का आयोजन किया गया। इस प्रक्रिया के तहत नगर पंचायत क्षेत्र में व्यावसायिक मालवाहन से प्राप्त शुल्क, सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाने वाले विज्ञापन शुल्क तथा स्वागत गेट पर लगने वाले विज्ञापनों की बंदोबस्ती की गई।
व्यावसायिक मालवाहन से लोडिंग-अनलोडिंग शुल्क वसूली के लिए आयोजित नीलामी में कुल 11 संवेदकों ने भाग लिया। इनमें रजनीश कुमार, आर्यन कुमार सिंह, सुशांत कुमार सिंह, अरविंद कुमार, मोहम्मद मजहर आलम, राजू रजक, भोलानाथ सिंह, अजीत कुमार, राजीव रंजन राय और अमित कुमार सिंह सहित अन्य शामिल थे। नीलामी की प्रक्रिया 15 हजार रुपए की मूल राशि से शुरू हुई, जो 34 राउंड की बोली के बाद 30 लाख 4 हजार रुपए तक पहुंच गई। अंततः सबसे ऊंची बोली लगाने वाले राजू रजक को यह बंदोबस्ती कार्य सौंपा गया।
नगर पंचायत प्रशासन ने राजू रजक को नियमानुसार मालवाहन से लोडिंग-अनलोडिंग शुल्क वसूलने का निर्देश दिया। निर्धारित दरों के अनुसार तीन पहिया वाहन से 10 रुपए, चार पहिया वाहन से 20 रुपए, ट्रैक्टर से 30 रुपए, ट्रक या छह पहिया वाहन से 40 रुपए तथा इससे अधिक पहिया वाले वाहनों से 80 रुपए प्रति खेप शुल्क लिया जाएगा।
वहीं, सार्वजनिक स्थलों और स्वागत गेट पर लगाए जाने वाले विज्ञापनों के लिए भी अलग से बंदोबस्ती की गई। इस श्रेणी में सुशांत कुमार सिंह ने क्रमशः 73 हजार और 41 हजार रुपए की उच्चतम बोली लगाई, जिसके बाद उन्हें विज्ञापन शुल्क वसूली का जिम्मा सौंपा गया।
इस मौके पर उपमुख्य पार्षद मंजू देवी, सशक्त स्थायी समिति सदस्य फरहान, अशोक कुमार, खुशबू कुमारी, प्रमोद कुमार, अमर कुमार सहित अन्य पार्षद और अधिकारी उपस्थित रहे। नगर पंचायत प्रशासन ने पारदर्शिता के साथ पूरी प्रक्रिया संपन्न होने की बात कही।