Bihar Road Accident: झारखंड के हजारीबाग में भयंकर सड़क हादसा हुआ. इस दर्दनाक हादसे में गयाजी के रहने वाले 6 लोगों की मौत हो गई. वे सभी एक ही परिवार के रहने वाले थे. जानकारी के मुताबिक, सभी 6 मृतक आमस थाना के साव कला पंचायत क्षेत्र के तेतरिया गांव के रहने वाले थे. एक ही झटके में पूरे परिवार के खत्म होने से गांव में मातम पसर गया है.
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान शिव कुमार मांझी (43 साल), पत्नी रूबी कुमारी (35 साल), बेटी सोनी (12 साल) और सुहानी (10 साल), ससुर आमस के मसूरी बार निवासी कृत मांझी (60 साल)और कृत मांझी के पोते प्रेम कुमार (10 साल) के रूप में हुई है.
पूरे परिवार के साथ धनबाद में रहते थे शिव कुमार
पूरी घटना के बारे में बताया गया कि शिव कुमार गयाजी के रहने वाले थे लेकिन अपने पूरे परिवार के साथ धनबाद में रहते थे. धनबाद में ही उनकी नौकरी थी. लेकिन गयाजी में शादी होने की वजह से वह पूरे परिवार के साथ अपने घर वापस लौट रहे थे. लेकिन रास्ते में ही घटना हो गई. जानकारी के मुताबिक, शिव कुमार के बड़े बेटे धनबाद में उनके साथ रहते थे. लेकिन वे शादी में नहीं आए, जिसके कारण वे बच गए.
पैक्स अध्यक्ष ने क्या बताया?
घटना को लेकर साव कला पंचायत के पैक्स अध्यक्ष उदय यादव ने बताया कि शिव कुमार झरिया कोलवरी में नौकरी करते थे. वह अपनी कार से गयाजी घर आ रहे थे. इसी बीच चौपारन थाना इलाके के दनुआ जंगल के पास कार दुर्घटना की शिकार हो गई. जिसमें सवार 6 लोगों की मौत हो गई है. उन्होंने बताया कि शिव कुमार गुरुआ थाना इलाके के बरवाडीह गांव में अपनी फुआ के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए आ रहे थे. इस घटना के बाद आमस के गांव में कोहराम मच गया है.
(गयाजी से एस अली की रिपोर्ट)
Also Read: बिहार में फाइल दबाकर बैठने वाले अफसरों को CM सम्राट ने चेताया, तारापुर में क्या-क्या कहा?
The post भयंकर रोड एक्सीडेंट में बिहार के 6 लोगों की मौत, एक झटके में पूरा परिवार खत्म appeared first on Naya Vichar.

