Donald Trump: अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन को लेकर एक बार फिर बड़े बदलाव की चर्चा तेज हो गई है. पॉलिटिको (अमेरिका में स्थित एक डिजिटल न्यूज कंपनी) की एक रिपोर्ट के अनुसार, एफबीआई निदेशक काश पटेल भी जल्द पद छोड़ने वाले अगले वरिष्ठ अधिकारी हो सकते हैं. रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस के अंदर ही काश पटेल के भविष्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं. एक वरिष्ठ अधिकारी बताया कि काश पटेल को पद से हटाया जा सकता है. उन्होंने बताया कि इसके पीछे काश की निगेटिव मीडिया कवरेज और उससे पैदा हो रहा विवाद बताया जा रहा है. हालांकि, अभी तक इस बारे में व्हाइट हाउस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
कई बड़े अधिकारी पहले ही छोड़ चुके हैं पद
हाल ही में अमेरिकी नौसेना सचिव जॉन सी फेलन ने पद छोड़ दिया. उनकी जगह हंग काओ को कार्यवाहक जिम्मेदारी दी गई है. ट्रंप प्रशासन में पिछले कुछ महीनों में कई बड़े बदलाव हुए हैं. मार्च से अब तक कम से कम पांच वरिष्ठ अधिकारी या तो हटाए जा चुके हैं या उन्होंने इस्तीफा दे दिया है. इनमें जनरल रैंडी जॉर्ज की समय से पहले सेवानिवृत्ति भी शामिल है. इसके अलावा जनरल डेविड होडने और मेजर जनरल विलियम ग्रीन जूनियर को भी उनके पदों से हटाया गया.
अटॉर्नी जनरल और अन्य पदों पर भी बदलाव
इस महीने पाम बोंडी को अटॉर्नी जनरल पद से हटाया गया था. उनकी जगह अस्थायी रूप से टॉड ब्लैंच को जिम्मेदारी दी गई. वहीं, श्रम सचिव लोरी चावेज-डेरेमर ने भी इस्तीफा दे दिया. उनके स्थान पर कीथ सोंडरलिंग को कार्यवाहक बनाया गया है. मार्च में क्रिस्टी नोएम को पद से हटाकर सीनेटर मार्कवेन मुलिन को जिम्मेदारी दी गई. बाद में नोएम को एक नई भूमिका में नियुक्त किया गया.
बढ़ती अस्थिरता के संकेत
लगातार हो रहे इन बदलावों के बीच अब काश पटेल का नाम भी चर्चा में है. अगर वे भी पद छोड़ते हैं, तो यह ट्रंप प्रशासन में जारी बड़े फेरबदल की कड़ी का एक और अहम हिस्सा होगा.
Also Read: अमेरिका के एक्टिंग अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा-शूटर की जांच चल रही है, उसपर कई चार्ज लगेंगे
The post खतरे में FBI निदेशक काश पटेल की कुर्सी? क्या पद से हटा सकते हैं ट्रंप appeared first on Naya Vichar.

