Bomb Threat: झारखंड के धनबाद और देवघर स्थित पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं. बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे रांची स्थित रीजनल पासपोर्ट कार्यालय को एक अज्ञात ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें झारखंड के सभी पासपोर्ट सेवा केंद्रों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई. सूचना मिलते ही रीजनल पासपोर्ट कार्यालय ने संबंधित जिलों के पुलिस प्रशासन को तत्काल इसकी जानकारी दी. इसके बाद धनबाद और देवघर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया.
धनबाद में खाली कराया गया पोस्ट ऑफिस परिसर
धनबाद में धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गए. जिस भवन में पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित होता है, वहां स्थित मुख्य डाकघर को एहतियात के तौर पर खाली करा दिया गया. पुलिस ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. सुरक्षा के मद्देनजर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया. वहीं, डाकघर से सटे बीएसएनएल कार्यालय और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के कार्यालय को भी खाली कराया गया ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके. पुलिस पूरे परिसर की बारीकी से जांच कर रही है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास भी शुरू कर दिया गया है.
देवघर में एसपी के नेतृत्व में चल रही जांच
देवघर के प्रधान डाकघर परिसर स्थित पासपोर्ट कार्यालय को भी इसी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई. सूचना मिलते ही रीजनल पासपोर्ट कार्यालय ने देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर और नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर को इसकी जानकारी दी. एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे पासपोर्ट कार्यालय की गहन तलाशी शुरू कर दी. डॉग स्क्वॉड की टीम को भी जांच में लगाया गया है. पुलिस कार्यालय के हर हिस्से की जांच कर रही है ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके.
इसे भी पढ़ें: नोएडा में DM कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही मचा हड़कंप, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल धनबाद और देवघर दोनों स्थानों पर किसी भी प्रकार की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि पुलिस इस धमकी को गंभीरता से लेते हुए किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही है. साइबर विशेषज्ञों की मदद से धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक दोनों पासपोर्ट कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी. साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है.
इसे भी पढ़ें: रांची सिविल कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट कैंपस में पहुंची बीडीडीएस की टीम, देखें वीडियो
The post धनबाद और देवघर के पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट appeared first on Naya Vichar.
