UP News : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा के ममूरा गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया. सेक्टर-66 स्थित ममूरा इलाके में एक पांच मंजिला इमारत में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे मकान में धुआं भर गया और लोगों में अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में एक 26 वर्षीय स्त्री समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दमकल विभाग की टीम ने समय रहते रेस्क्यू अभियान चलाकर इमारत में फंसे 100 से ज्यादा लोगों की जान बचा ली.
इलेक्ट्रिक बाइक में स्पार्किंग से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक बाइक में हुई स्पार्किंग बताया जा रहा है. हालांकि दमकल विभाग और पुलिस की टीमें आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. आग की गंभीरता को देखते हुए तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.
सामने वाली बिल्डिंग से लगाया गया सीढ़ी, लोगों को निकाला गया बाहर
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान फायर ब्रिगेड की टीम ने इमारत के सामने वाली बिल्डिंग से सीढ़ियां लगाकर लोगों को बाहर निकाला. कई लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. दमकल कर्मियों ने बताया कि इमारत के अंदर बड़ी संख्या में लोग फंसे हुए थे. टीम ने काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालने में सफलता हासिल की.
संकरी गलियों और घनी आबादी ने बढ़ाई परेशानी
ममूरा क्षेत्र में घनी आबादी और संकरी गलियों के कारण राहत एवं बचाव अभियान में दमकल कर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. बड़ी गाड़ियों को मौके तक पहुंचाने में भी परेशानी हुई. इसके बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित निकालने का काम किया.
फायर सेफ्टी व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
इस हादसे के बाद बहुमंजिला इमारतों में फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि घनी आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा मानकों की नियमित जांच होनी चाहिए. प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि इमारत में अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं. पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मामले की विस्तृत जांच में जुटी हैं.
समय पर कार्रवाई से बची कई जिंदगियां
अधिकारियों का कहना है कि अगर राहत एवं बचाव अभियान में थोड़ी भी देरी होती तो हादसा और बड़ा हो सकता था. दमकल विभाग की तत्परता से 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. वहीं, दो लोगों की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है.
यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव 2027: बिहार के बाद चिराग पासवान की यूपी पर नजर, लखनऊ में आज बनेगी चुनावी रणनीति
The post नोएडा : पांच मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, दो की मौत, 100 से ज्यादा लोगों को किया गया रेस्क्यू appeared first on Naya Vichar.
