Israel Hamas War : इजरायल और हमास के बीच लंबे समय से चला आ रहा संघर्ष जल्द ही समाप्त हो सकता है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि हमास के साथ हथियार छोड़ने को लेकर सहमति बन गई है. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल में पोस्ट कर लिखा कि यह समझौता बोर्ड ऑफ पीस की अगुआई में कराया गया है. उनके मुताबिक इस समझौते से लंबे समय से चल रही हिंसा खत्म करने की दिशा में रास्ता खुलेगा.
हथियार छोड़ने के साथ पीछे हटेगी इजरायली सेना
ट्रंप ने कहा कि इस समझौते को कई चरणों में लागू किया जाएगा. जैसे-जैसे हमास हथियार छोड़ेगा, वैसे-वैसे इजरायली सेना गाजा से हटती जाएगी. इसके बाद एक अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बल और नई फिलिस्तीनी पुलिस मिलकर गाजा की सुरक्षा संभालेंगे. ट्रंप का कहना है कि इससे इजरायल की सुरक्षा भी बनी रहेगी और गाजा का इस्तेमाल आगे किसी हमले के लिए नहीं हो सकेगा.
नई फिलिस्तीनी प्रशासन बनाने की तैयारी
ट्रंप के मुताबिक, आगे चलकर गाजा में नई फिलिस्तीनी प्रशासन बनाई जाएगी, जो बोर्ड ऑफ पीस के साथ मिलकर काम करेगी. उन्होंने कहा कि यह उनकी 20-पॉइंट योजना का अहम हिस्सा है, जिसका मकसद गाजा में युद्ध खत्म करना और इलाके में स्थिरता लाना है. ट्रंप ने इस समझौते में भूमिका निभाने के लिए मिस्र, कतर और तुर्किये का भी धन्यवाद किया.
हमास ने नहीं दी कोई प्रतिक्रिया
ट्रंप के इस दावे पर अभी तक हमास की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. इस बीच गाजा में हिंसा जारी है. फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार को इजरायली हमलों में दो बच्चों समेत कम से कम छह लोगों की मौत हुई. ऐसे में अब सभी की नजर इस बात पर है कि ट्रंप के दावे के बाद जमीन पर हालात में कोई बदलाव आता है या नहीं.
ये भी पढ़ें : 31 जुलाई की टॉप 20 समाचारें: वंदे मातरम बिल संसद से पास, नेपाल बॉर्डर पर बवाल, EVM में कैद बांकीपुर का फैसला
The post जल्द खत्म हो सकता है गाजा युद्ध: ट्रंप का दावा- हमास हथियार छोड़ेगा, धीरे-धीरे हटेगी इजरायली सेना appeared first on Naya Vichar.

