पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक कोयला खदान में विस्फोट होने से 32 लोगों के मारे जाने की सूचना है.पीटीआई न्यूज के अनुसार खदान में 10 लोगों के फंसे होने की सूचना है, जिसकी वजह से मृतकों की संख्या में वृद्धि हो सकती है. अधिकारियों का मानना है कि फंसे हुए खनिकों की जान को खतरा है और बचावकर्मी उन तक पहुंचने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं.
मीथेन गैस के कारण हुआ विस्फोट
प्रशासनी खान निरीक्षक गनी बलोच ने कहा कि बृहस्पतिवार को हुआ विस्फोट संभवत: मीथेन गैस के कारण हुआ. यह घटना बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा के बाहरी इलाके में हुई.
अधिकारियों और प्रांतीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने एक बयान में बताया कि विस्फोट के कुछ घंटे बाद सात लोगों के शव को निकाला गया. बाद में आपातकालीन दलों को 25 अन्य शव मिले. बयान में कहा गया कि तलाश और बचाव अभियान जारी है तथा बचाव दल फंसे हुए बाकी खनिकों का पता लगाने और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं.
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
बलोच ने कहा कि बचाव अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक फंसे हुए हर खनिक का पता नहीं लग जाता. उन्होंने कहा कि अधिकारियों को मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है. बलोच ने बताया कि मीथेन गैस में विस्फोट के बाद किसी के जीवित मिलने की संभावना कम हो जाती है क्योंकि ऑक्सीजन का स्तर शून्य हो जाता है. बचावकर्मी भी खदान के अंदर बेहद सावधानी से आगे बढ़ रहे हैं.
पांच-पांच लाख पाकिस्तानी रुपये का मुआवजा
उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने शवों को उनके परिवारों को सौंपना शुरू कर दिया है. बलूचिस्तान के खदान एवं खनिज मंत्री शोएब नोशेरवानी ने कहा कि बचाव दल बेहद कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे हैं. नोशेरवानी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि प्रांतीय प्रशासन विस्फोट में मारे गए प्रत्येक खनिक के परिवार को पांच-पांच लाख पाकिस्तानी रुपये का मुआवजा देगी.
ये भी पढ़ें :जल्द खत्म हो सकता है गाजा युद्ध: ट्रंप का दावा- हमास हथियार छोड़ेगा, धीरे-धीरे हटेगी इजरायली सेना
The post पाकिस्तान : बलूचिस्तान के कोयला खदान में विस्फोट, 32 की मौत; 5-5 लाख मुआवजे की घोषणा appeared first on Naya Vichar.

