UP News: वाराणसी की कंटेंट क्रिएटर और इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर वैष्णवी (@vaishnavii_official) ने Shree Balaji Gold Into Cash Pvt. Ltd. पर प्रमोशनल रील के बदले भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है. करीब 1.25 लाख फॉलोअर्स वाली वैष्णवी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो और कई पोस्ट साझा करते हुए दावा किया कि मार्च 2026 में उन्होंने कंपनी के लिए प्रमोशनल रील बनाई थी, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद उन्हें तय भुगतान नहीं मिला. उन्होंने यह भी कहा कि भुगतान के लिए कई बार दुकान जाने के बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक कंपनी की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
‘कई बार दुकान गई, फिर भी नहीं मिला भुगतान’
वैष्णवी का दावा है कि रील तैयार करने के बाद से वह करीब 20 बार कंपनी की दुकानों पर भुगतान लेने पहुंचीं. उनके अनुसार, हर बार स्टाफ ने अलग-अलग बहाने बनाकर उन्हें टाल दिया. बाद में जब उनकी कथित तौर पर कंपनी के डायरेक्टर दिव्यांशु सेठ से मुलाकात हुई, तो उन्हें भुगतान करने से इनकार कर दिया गया और रील हटाने के लिए कहा गया. वैष्णवी का कहना है कि यह मांग उस समय की गई, जब रील पर पहले ही अच्छे-खासे व्यूज और लाइक्स आ चुके थे.
फर्जी कमेंट्स और झूठे दावों का भी लगाया आरोप
कंटेंट क्रिएटर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट और कमेंट्स में आरोप लगाया कि कंपनी ने उनका वीडियो अपनी प्रोफाइल पर अपलोड कर उस पर बड़ी संख्या में बॉट और फर्जी कमेंट्स कराए, जिनमें उन्हें “फ्रॉड” बताया गया. इसके अलावा वैष्णवी ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी की ओर से मीडिया में यह कहा जा रहा है कि उन्होंने 2.60 लाख रुपये की चांदी खरीदी थी और 40 हजार रुपये का भुगतान बाकी है. वैष्णवी ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने कंपनी से कोई सामान खरीदा ही नहीं. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि ऐसा कोई लेन-देन हुआ है तो कंपनी जीएसटी नंबर और इनवॉइस वाला बिल, भुगतान का रिकॉर्ड और दुकान से सामान ले जाने का सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करे.
अन्य क्रिएटर्स को दी चेतावनी, कंपनी का पक्ष आना बाकी
वैष्णवी ने अन्य कंटेंट क्रिएटर्स से अपील की है कि वे संबंधित कंपनी के साथ किसी भी तरह का प्रमोशनल कंटेंट करने से पहले पूरा भुगतान सुनिश्चित कर लें. उनका कहना है कि उन्होंने अपना अनुभव इसलिए सार्वजनिक किया है ताकि दूसरे क्रिएटर्स को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े. नया विचार इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है. समाचार लिखे जाने तक Shree Balaji Gold Into Cash Pvt. Ltd. या उसके डायरेक्टर दिव्यांशु सेठ की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी है. यदि उनका पक्ष प्राप्त होता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा.
Must Read- मुख्तार के गढ़ में गरजे योगी, बोले- रामलीला में असलहा लहराने वालों को मिट्टी में ही दफन होना पड़ेगा
The post ‘रील बनवाई, पेमेंट नहीं दिया’, वाराणसी की कंटेंट क्रिएटर ने ज्वेलरी कंपनी पर लगाए गंभीर आरोप, जानिए पूरा मामला appeared first on Naya Vichar.

