Bhiwandi Building Collapse : महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार रात करीब 11:30 बजे बड़ा हादसा हो गया, जब एक चार मंजिला रिहायशी इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया. इस इमारत में कुल 48 कमरे थे, जिनमें हर मंजिल पर 12 कमरे बने हुए थे. हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. एक घायल शिशु को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों के मुताबिक अभी भी 7 से 8 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है.
पहले आई थीं दरारें, लोगों को बाहर निकाला गया
स्थानीय लोगों के मुताबिक रात करीब 9 बजे इमारत से तेज आवाजें आने लगी थीं और दीवारों में दरारें दिखने लगी थीं. इसके बाद लोगों ने तुरंत नगर निगम और प्रशासन को सूचना दी. मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने कई परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, लेकिन इसी दौरान इमारत की बी विंग अचानक ढह गई. बताया जा रहा है कि कुछ लोग बाहर निकल रहे थे, जबकि मरम्मत का काम कर रहे मजदूर अंदर ही रह गए.
मरम्मत के दौरान हुआ हादसा
भिवंडी-निजामपुर नगर निगम के सहायक आयुक्त अरविंद घोगरे ने बताया कि नगर निगम ने इस इमारत को पहले ही खतरनाक घोषित कर दिया था. इसके बावजूद यहां मरम्मत का काम चल रहा था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह मरम्मत बिना जरूरी अनुमति के कराई जा रही थी. अधिकारियों का कहना है कि अधिकतर मृतकों के मरम्मत कार्य में लगे मजदूर होने की आशंका है. हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.
NDRF और फायर ब्रिगेड का रेस्क्यू जारी
हादसे के बाद मौके पर एनडीआरएफ, ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (TDRF), फायर ब्रिगेड, पुलिस और नगर निगम की टीमें पहुंच गईं. रेस्क्यू ऑपरेशन में डॉग स्क्वॉड, चार फायर इंजन, दो एम्बुलेंस और भारी मशीनों की मदद ली जा रही है. प्रशासन का कहना है कि मलबे में फंसे सभी लोगों को निकालने तक बचाव अभियान लगातार जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें : अभिजीत भट्टाचार्य का इंस्टा पोस्ट: 1947-1977 के शिक्षा मंत्रियों की सूची शेयर कर लिखा- ‘1947 से शुरू हुआ जिहाद’
The post भिवंडी में चार मंजिला इमारत गिरी: 6 की मौत; कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका appeared first on Naya Vichar.

