नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। घटहो थाना क्षेत्र के मूसापुर ठाकुरबारी के समीप झाड़ी से बुधवार को मिथुन गिरि का शव बरामद होने के बाद गुरुवार की सुबह परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। नामजद आरोपी स्त्री को पुलिस द्वारा पूछताछ के बाद छोड़ दिए जाने से नाराज ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने घटहो थाना का घेराव कर जमकर हंगामा किया। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले में शामिल सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।
मृतक के पिता रामप्रवेश गिरि ने अवधेश गिरि और कामिनी देवी समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पुलिस को लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में उन्होंने अपने पुत्र की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि घटना के संबंध में बुधवार को ग्रामीणों ने नामजद आरोपी कामिनी देवी को पुलिस के हवाले किया था। इसके बावजूद पुलिस ने उसे हाजत से छोड़ दिया। इसी बात को लेकर गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन थाना पहुंच गए और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।
ग्रामीणों का कहना था कि मिथुन की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच कर घटना में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाए। प्रदर्शन के दौरान थाना परिसर के बाहर काफी संख्या में लोग जुट गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया।
तात्कालिक साक्ष्य नहीं मिलने पर स्त्री को छोड़ा :
घटहो पुलिस के अनुसार, कामिनी देवी के खिलाफ तत्काल कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिलने के कारण पूछताछ के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द किया गया है। पुलिस का कहना है कि मृतक के पिता द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर करीब आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलने पर वरीय पुलिस अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और थाना घेराव समाप्त किया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।