नया विचार न्यूज़ सरायरंजन (समस्तीपुर)। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के एक गांव में 19 वर्षीय युवती के साथ हथियार का भय दिखाकर सामूहिक दुष्कर्म करने और घटना का वीडियो बनाकर उसे व उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना करीब पांच माह पुरानी बताई जा रही है। पीड़िता की मां के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिकी के अनुसार, 8 सितंबर को पीड़िता की मां के मोबाइल पर एक वीडियो आया। वीडियो में उनकी पुत्री के साथ दो युवक कथित रूप से दुष्कर्म करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो देखने के बाद मां ने बेटी से पूछताछ की। शुरुआत में युवती काफी भयभीत रही और कुछ बताने से इनकार करती रही। काफी समझाने के बाद उसने करीब पांच माह पहले हुई घटना की जानकारी अपनी मां को दी।
पीड़िता ने बताया कि एक रात वह शौच के लिए गांव के एक खेत में गई थी। वहां पहले से मौजूद दो युवकों ने कथित रूप से हथियार दिखाकर उसे डराया और जबरन पकड़ लिया। इसके बाद दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया तथा घटना का वीडियो भी बना लिया।
पीड़िता के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो उसे और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा तथा वीडियो प्रसारित कर दिया जाएगा। आरोप है कि इसी भय का फायदा उठाकर बाद में भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया। परिवार की सुरक्षा को लेकर डरी युवती ने पांच माह तक घटना किसी को नहीं बताई।
वीडियो सामने आने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई और थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।