आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन कर आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी देने को कहा
नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में शुक्रवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।
जिलाधिकारी ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन संवाद में प्राप्त आवेदनों का नियमित अनुश्रवण करते हुए मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही, आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव है, उनका बिना अनावश्यक विलंब के निष्पादन किया जाए। जन संवाद का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का सीधे संज्ञान लेकर उनका प्रभावी और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।