आदित्यपुर : सोमवार की शाम आदित्यपुर के आशियाना चौक के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चार-पांच अपराधियों ने एक युवक को उसकी कार से जबरन उतारकर अगवा कर लिया. युवक को काली रंग की कार में बैठाकर अपराधी फरार हो गए. घटना की समाचार मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आसपास के थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई.
कंपनी में सुपरवाइजर है अपहृत युवक
अपहृत युवक की पहचान बालीगुमा (कोलाबिरा) निवासी आफताब के रूप में हुई है. वह आरआइटी मोड़ के पास स्थित एक कंपनी में सुपरवाइजर के तौर पर काम करता है. बताया गया कि सोमवार को वह किसी काम से आदित्यपुर आया था और शाम को अपनी कार से गम्हरिया की ओर लौट रहा था. इसी दौरान आशियाना चौक के पास अपराधियों ने उसकी कार को रोक लिया.
चाकू दिखाया, फायरिंग का भी आरोप
युवक के मामा अफसर अली के अनुसार, चार-पांच लोगों ने आफताब को उसकी कार से जबरन बाहर निकाला और एक काली रंग की कार में बैठाकर अपने साथ ले गए. विरोध करने पर अपराधियों ने चाकू दिखाकर धमकाया. इस दौरान फायरिंग किए जाने का भी आरोप है. बताया गया कि गोली चलने से जमीन पर छेद हो गया. हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस को कोई खोखा नहीं मिला. पुलिस ने युवक की कार को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और घटनास्थल की जांच शुरू की.
कुछ घंटे बाद तामोलिया में छोड़कर भागे
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों को अलर्ट करते हुए कड़ी नाकेबंदी शुरू कर दी. पुलिस की बढ़ती सक्रियता के बीच अपराधियों ने कुछ घंटे बाद आफताब को तामोलिया इलाके में छोड़ दिया और फरार हो गए. युवक के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली. फिलहाल पुलिस आफताब से पूछताछ कर रही है. यह पता लगाने में जुटी है कि उसका अपहरण किसने, क्यों और किस मकसद से किया था.
CCTV और अन्य सुराग खंगाल रही पुलिस
पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. आशियाना चौक से लेकर तामोलिया तक संभावित सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर आफताब को अगवा करने वाले कौन थे और उनका मकसद क्या था?
The post कार से खींचकर युवक को किया अगवा, चाकू दिखाकर धमकाया और चला दी गोली, जानें पूरा मामला appeared first on Naya Vichar.