नया विचार सरायरंजन। सरायरंजन प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय झखड़ा पतैली के प्रधानाध्यापक के साथ गाली –गलौज और मारपीट की घटना से नाराज़ शिक्षकों ने आज पांचवें दिन भी विद्यालय बंद कर सरायरंजन बीआरसी में योगदान दे रहे हैं । स्कूल छोड़ बीआरसी में बैठे शिक्षकों का कहना है कि गांव के ही अमलेश झा के पुत्र विजय कुमार झा के द्वारा सोमवार की शाम विद्यालय के प्रधानाध्यापक अविनाश कुमार रंजन पर विद्यालय बंद कर घर जाने के दौरान गाली – गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट किया और उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया । घटना के बाद पीड़ित प्रधानाध्यापक के द्वारा आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी । लेकिन घटना के 5 दिनों के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है । शिक्षकों का कहना है कि युवक पूर्व में भी कई बार इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। प्रधानाध्यापक अविनाश कुमार रंजन का कहना है कि आरोपी के डर से सारे शिक्षक विद्यालय नहीं जा रहे हैं । शिक्षक पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग कर रहे है । स्कूल बंद होने के कारण बच्चों का पठन – पाठन बाधित है ।
वंही इस मामले पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता का कहना है कि उन्हें जानकारी मिली है कि एक विक्षिप्त युवक के द्वारा प्रधानाचार्य के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई है । इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है । प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से रिपोर्ट मांगी गई है । साथ ही एसडीओ और डीएसपी को पत्र लिखकर विद्यालय में सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है । ताकि विद्यालय सुचारू रूप से संचालित हो सके ।