26 अगस्त 2026 को नेपाल में आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड के बीच एक हल्के हरे रंग का दो मंजिला मकान सोशल मीडिया पर चर्चा में है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में इस मकान के आसपास के घर, वाहन और मलबा तेज बहाव में बहते नजर आए, जबकि यह मकान खड़ा रहा. वीडियो में घर के बालकनी में परिवार के लोग भी दिखाई दिए और बाद में उनके सुरक्षित होने की समाचार सामने आई. यहां जानिए क्या है पूरा मामला
वीडियो सामने आने के बाद इसे सोशल मीडिया पर ‘मिरेकल हाउस’ कहा जा रहा है. कुछ पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि कि मकान में शिवलिंग या फिर शिव मंदिर था. इसलिए भगवान शिव की कृपा से घर और पूरा परिवार बच गया. इसके अलावा कई लोग, मकान का मजबूत ढांचा, कंक्रीट और सरिए से बनी संरचना और मजबूत नींव को भी कारण बता रहे हैं.
मतलब की दोनों पक्षों का एक ही सवाल है कि हरे रंग का दो मंजिला मकान बचा कैसे?
घर का डिजाइन और इंजीनियरिंग कितनी मजबूत थी
- वायरल वीडियो को ध्यान से देखने पर एक अहम बात सामने आती है कि बाढ़ का पानी और मलबा मकान के आसपास से तेज रफ्तार में गुजरता दिखाई दे रहा है, लेकिन मुख्य ढांचा अपनी जगह पर बना रहता है.
- इसको लेकर तकनीकी जानकारों का कहना है कि घर का मजबूत कंक्रीट ढांचा और इसकी बनावट इसे बचाने में मददगार हो सकती है.
- हालांकि, इस मकान का पूरा नक्शा, नींव किस तरह बनाई गई थी और इसकी संरचना की कोई स्वतंत्र जांच रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है. ऐसे में यह कहना ठीक नहीं होगा कि घर सिर्फ किसी एक तकनीक या वजह से ही बचा. फिर भी इस संरचना को समझना जरूरी है.
भूकंप या बाढ़ में किस तरह के घर ज्यादा सुरक्षित रहते हैं?
- प्राकृतिक आपदा में किसी घर का बचना सिर्फ उसकी दीवारों की मजबूती पर निर्भर नहीं करता. घर का डिजाइन, नींव, निर्माण की गुणवत्ता और वह किस जगह बना है, ये सभी बातें अहम होती हैं.
- भूकंप के दौरान इमारत को कई दिशाओं से झटके लगते हैं ऐसे में प्रबलित कंक्रीट यानी कंक्रीट और सरिए से बना सही तरीके से डिजाइन किया गया ढांचा ज्यादा मजबूती से झटकों का सामना कर सकता है. इसमें खंभे और बीम आपस में जुड़े होते हैं, जिससे दबाव पूरे ढांचे में बंट जाता है.
- बाढ़ में सिर्फ मजबूत ढांचा काफी नहीं होता. घर की नींव, उसकी ऊंचाई और आसपास पानी के बहाव का रास्ता भी महत्वपूर्ण होता है. तेज पानी के साथ पत्थर, पेड़ और मलबा आने पर जिस घर पर सीधा दबाव कम पड़ता है, उसके बचने की संभावना बढ़ सकती है.
- यानी सुरक्षित घर की कोई एक पहचान नहीं है. मजबूत डिजाइन के साथ सही जगह और अच्छी निर्माण गुणवत्ता तीनों मिलकर घर को आपदा के दौरान ज्यादा सुरक्षित बनाते हैं.
फिर शिवलिंग वाले दावे में कितनी सच्चाई है?
- सोशल मीडिया पर शिवलिंग और दैवीय सुरक्षा से जुड़े दावे जरूर दिखाई दे रहे हैं, लेकिन उपलब्ध विश्वसनीय रिपोर्ट में मकान के बचने की वजह के रूप में किसी शिवलिंग की पुष्टि नहीं की गई है.
- इसलिए फिलहाल इसे धार्मिक आस्था का दावा माना जा सकता है, वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित कारण नहीं कहा जा सकता.
कुल मिलाकर, नेपाल का यह हरा घर वाकई हैरान करने वाला है, लेकिन अभी इसे चमत्कार या घर की मजबूत बनावट, नींव, उसकी जगह और बाढ़ के बहाव जैसे कई कारणों ने इसे बचाया, ऐसा कहना सही नहीं होगा. क्योंकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें: 60 घंटे बाद मलबे से जिंदा निकली 6 साल की बच्ची, माता-पिता से बिछड़े भाई-बहन का वीडियो देख रो पड़ेगा दिल!
The post शिवलिंग का चमत्कार या इंजीनियरिंग का कमाल? नेपाल की तबाही में कैसे बच गया हरे रंग का दो मंजिला घर appeared first on Naya Vichar.