बुधवार सुबह यूसमर्ग के पालमैदान इलाके में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को उसका शव और युद्ध जैसे सामान बरामद हुए. चिनार कॉर्प्स ने भी इसकी पुष्टि की है.
कैसे मारा गया हाशिम मूसा?
सुरक्षाबलों ने विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर यूसमर्ग इलाके में ‘ऑपरेशन कोराग’ शुरू किया था. संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान जवानों को संदिग्ध गतिविधि नजर आई. सुरक्षाबलों ने संदिग्धों को चुनौती दी तो आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें हाशिम मूसा मारा गया.
सुरक्षाबलों के मुताबिक, इलाके में तलाशी अभियान अभी जारी है. आसपास के क्षेत्रों में किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी और हथियारों या अन्य सामान की बरामदगी के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
कौन था हाशिम मूसा?
मोहम्मद आसिफ उर्फ हाशिम मूसा पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा आतंकी था. 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बैसरन में हुए आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उसका स्केच जारी किया था. इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी.
पुलिस ने हमले के बाद पाकिस्तान के नागरिकों और लश्कर के आतंकियों आदिल हुसैन ठोकर, अली भाई और हाशिम मूसा की गिरफ्तारी से जुड़ी सूचना देने पर 20 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी. सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक, मूसा पाकिस्तान की स्पेशल सर्विसेज ग्रुप (SSG) में पैरा-कमांडो के तौर पर काम कर चुका था.
पहलगाम हमले की जांच में भी था नाम
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पहलगाम आतंकी हमले के मामले में सात आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी. इसमें पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा और उसके सहयोगी नाम द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) को भी आरोपी बनाया गया. NIA ने अपनी 1,597 पन्नों की चार्जशीट में हमले की साजिश, उसकी तैयारी और उसे अंजाम देने में पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क की भूमिका का विवरण दिया था.
पाकिस्तानी हैंडलर और आतंकी सजिद जट्ट को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है.
हाशिम मूसा के मारे जाने के बाद सुरक्षाबलों का अभियान इलाके में जारी है. अब तलाशी अभियान के दौरान किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी और अतिरिक्त हथियारों की बरामदगी पर नजर है.
ये भी पढ़ें: Jammu kashmir: कठुआ में बहस के बाद जवान ने साथियों पर बरसाईं गोलियां, असिस्टेंट कमांडेंट समेत 4 की मौत
The post Video: पहलगाम हमले का मोस्ट वॉन्टेड था हाशिम मूसा, लश्कर आतंकी को सुरक्षाबलों ने ऐसे मार गिराया appeared first on Naya Vichar.
