Premanand Maharaj: संत प्रेमानंद महाराज के श्रीराधा केलिकुंज आश्रम में लापता युवकों की तलाश को लेकर उनके परिजनों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. अलग-अलग राज्यों से परिवार अपने बच्चों की जानकारी जुटाने के लिए वृंदावन पहुंच रहे हैं. इसी क्रम में बिहार के गोपालगंज से एक परिवार अपने 18 वर्षीय बेटे अभिनंदन यादव की तलाश में आश्रम पहुंचा. परिजनों के अनुसार, 25 जुलाई को वृंदावन आने के बाद अभिनंदन लापता हो गया था. मामले में पहले ही गुमशुदगी दर्ज करायी जा चुकी है.
मेरठ के परिवार ने आश्रम के बाहर किया प्रदर्शन
इससे पहले मेरठ के परतापुर निवासी नेत्रपाल अपने 20 वर्षीय बेटे प्रिंस की तलाश में श्रीराधा केलिकुंज आश्रम पहुंचे थे. सोमवार को उन्होंने बेटे की तस्वीर दिखाते हुए आश्रम के बाहर प्रदर्शन किया. मंगलवार को नेत्रपाल का परिवार एक बार फिर आश्रम के बाहर धरने पर बैठ गया.
पुलिस ने परिवार को चौकी ले जाकर समझाया
धरने के दौरान मौके पर हंगामे की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने परिवार को समझाया और उन्हें रमणरेती पुलिस चौकी ले गयी. पुलिस ने परिजनों को प्रिंस की तलाश कराने का भरोसा दिया. इससे पहले हाथरस और कासगंज से भी परिजन अपने बच्चों की तलाश में वृंदावन पहुंच चुके हैं.
25 जुलाई को परिवार के साथ वृंदावन आया था अभिनंदन
गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के कल्याणपुर कुंभी टोला निवासी विनोद यादव अपने परिवार के साथ बेटे अभिनंदन यादव की तलाश में श्रीराधा केलिकुंज आश्रम पहुंचे. विनोद यादव के मुताबिक, वह 25 जुलाई को परिवार के साथ वृंदावन घूमने और संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए आये थे. दर्शन के बाद उनका 18 वर्षीय बेटा अभिनंदन अचानक लापता हो गया.
काफी तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग
परिजनों ने अभिनंदन की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. परिवार ने मामले में गुमशुदगी दर्ज करा रखी है. मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने अभिनंदन यादव की गुमशुदगी का पोस्टर जारी कर उसकी तलाश शुरू कर दी.
साध्वी इंदुलेखा ने पुलिस को दी तहरीर
इसी बीच साध्वी इंदुलेखा ने भी पुलिस को तहरीर देकर कथित अभद्रता और धमकी की शिकायत की है. साध्वी के अनुसार, 3 अक्टूबर को वह श्रीराधा केलिकुंज में मीडिया से बातचीत कर रही थीं. इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उनके साथ कथित तौर पर अभद्रता की. घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने की बात भी कही गयी है.
लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने का आरोप
साध्वी इंदुलेखा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने लॉरेंस बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी. उन्होंने कहा कि घटना से उन्हें मानसिक परेशानी हुई है और अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस से शिकायत की है. साध्वी ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि साध्वी इंदुलेखा की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. वहीं, लापता अभिनंदन यादव और मेरठ के प्रिंस की तलाश को लेकर भी परिजन पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस की तलाश और जांच जारी है.
रिपोर्ट : पवन तोमर
यह भी पढ़ें: प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक लोधी की मौत का नया CCTV फुटेज आया सामने, जानिए प्राइवेट पार्ट काटने के बाद कहां गया? आखिरी पल कैद
The post वृंदावन में लापता बेटों की तलाश में पहुंच रहे परिजन, मेरठ के बाद बिहार से भी परिवार पहुंचा प्रेमानंद महाराज के आश्रम appeared first on Naya Vichar.

