Dangerous Noise Levels: आजकल डीजे का शोर, गाड़ियों के तेज हॉर्न और त्योहारों पर होने वाले पटाखों का धमाका हमारे जीवन का हिस्सा बन गया है. हम अक्सर घंटों तक तेज आवाज के बीच रहते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह शोर आपकी सुनने की क्षमता को हमेशा के लिए छीन सकता है? वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) के मुताबिक, लगातार तेज आवाज के संपर्क में रहने से कानों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है. आवाज का स्तर (डेसीबल) जितना अधिक होगा, खतरा उतना ही बढ़ता जाएगा.
डेसीबल क्या होता है और कितनी आवाज नॉर्मल है?
किसी भी आवाज की तीव्रता को डेसीबल (dB) में मापा जाता है. सामान्य बातचीत की आवाज लगभग 60 डेसीबल के आसपास होती है, और WHO के अनुसार 70 डेसीबल तक की आवाज को सुरक्षित माना जा सकता है. हालांकि, यहां सिर्फ आवाज का स्तर ही नहीं, बल्कि समय भी बहुत महत्वपूर्ण है. आप कितनी देर तक उस शोर के बीच हैं, यह तय करता है कि आपके कानों को कितना नुकसान होगा.
85 डेसीबल के बाद क्यों बरतनी चाहिए सावधानी?
जैसे ही आवाज 85 डेसीबल या उससे ऊपर पहुंचती है, सावधानी बरतना बेहद जरूरी हो जाता है. भारी ट्रैफिक या मशीनों के शोर में काम करने वाले लोगों को इस बात का खास ख्याल रखना चाहिए, क्योंकि लंबे समय तक ऐसे माहौल में रहने से धीरे-धीरे सुनने की शक्ति कम होने लगती है.
100 डेसीबल की आवाज कितनी खतरनाक है?
अगर शोर 100 डेसीबल तक पहुंच जाए, जैसा कि लाउडस्पीकर या भारी ट्रैफिक के पास होता है तो यह कानों के लिए काफी रिस्की है. ऐसे में जितनी जल्दी हो सके, स्पीकर या शोर के स्रोत से दूरी बना लेनी चाहिए. वहीं, 120 से 130 डेसीबल की आवाज (जैसे तेज सायरन या विमान की आवाज) न केवल असहनीय होती है, बल्कि इससे कानों में दर्द और बेचैनी भी शुरू हो सकती है.
140 से 150 डेसीबल की आवाज से कानों को गंभीर नुकसान
140 से 150 डेसीबल का शोर बेहद अचानक और तीव्र होता है, जैसे पटाखों का धमाका या गोली चलने की आवाज. यह स्तर सीधे आपके कान के पर्दे को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे कान में लगातार घंटी बजने जैसी समस्या या सुनने की क्षमता में अचानक कमी आ सकती है.
175 से 180 डेसीबल की आवाज कितनी खतरनाक है?
जब आवाज 175-180 डेसीबल तक पहुंचती है, तो यह किसी बड़े धमाके की तरह होती है. इस स्तर पर आवाज के साथ हवा का दबाव भी इतना बढ़ जाता है कि वह कान के पर्दे और शरीर के अन्य अंगों को गंभीर चोट पहुंचा सकता है. वहीं, 200 डेसीबल से ज्यादा का शोर जानलेवा भी हो सकता है, क्योंकि इससे पैदा होने वाली दबाव की लहरें शरीर को भारी नुकसान पहुंचा सकती हैं.
अपने कानों की सुरक्षा कैसे करें?
बचाव का सबसे आसान तरीका यह है कि अगर शोर इतना तेज है कि आपको सामने वाले की बात सुनाई न दे रही, तो समझ लीजिए कि वह आपके कानों के लिए हानिकारक है. ऐसे माहौल से तुरंत दूर हट जाएं. शोर वाली जगहों पर ईयरप्लग का इस्तेमाल करें और अगर तेज आवाज सुनने के बाद कान में दर्द, भारीपन या आवाजें सुनाई देने जैसी कोई समस्या महसूस हो, तो बिना देरी किए डॉक्टर से सलाह लें.
यह भी पढ़ें: क्या आप भी रात में तकिए के पास फोन रखकर सोते हैं? रिसर्च में नींद को लेकर सामने आई ये जरूरी बात
अगर आप भी नया विचार में कुछ कहना चाहते हैं या अपनी कहानी बताना चाहते हैं, रेसिपी बताना चाहते हैं या ब्यूटी टिप्स शेयर करना चाहते हैं, तो हमें lifestyle.digital@prabhatkhabar.in पर लिख भेजिए. हम जल्द ही आपकी स्टोरी प्रकाशित करेंगे.
The post कितने डेसीबल की आवाज कानों के लिए खतरनाक? जानें कब शोर बन सकता है गंभीर खतरा appeared first on Naya Vichar.

