Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर

विकास योजनाओं की समीक्षा: जनहित के मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

प्रभारी मंत्री ने कहा- योजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता से नहीं होगा समझौता, लंबित कार्यों को जल्द पूरा करें अधिकारी नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर | समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिला कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति की बैठक हुई। परिवहन मंत्री सह समस्तीपुर के प्रभारी मंत्री दामोदर रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए। बैठक की शुरुआत जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने प्रभारी मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों का स्वागत कर जिले में चल रही योजनाओं की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों, वित्तीय स्थिति और लंबित कार्यों की जानकारी समिति के समक्ष रखी। बैठक में ग्रामीण विकास, सड़क एवं आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज और नगर विकास समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल स्वीकृति देना नहीं, बल्कि उसका वास्तविक लाभ आम लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने का निर्देश दिया। लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मी की जवाबदेही तय करने की बात भी कही। जनप्रतिनिधियों ने उठाए क्षेत्रीय मुद्दे बैठक में सांसद, विधायक, विधान पार्षद, मेयर और जिला परिषद अध्यक्ष समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दे उठाए। सड़क निर्माण व मरम्मत, जल निकासी, पेयजल, बिजली आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं पर चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन मामलों पर नियमसंगत और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं स्थल निरीक्षण करने तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा कराने को कहा। जिलाधिकारी ने भी सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विधि-व्यवस्था पर भी हुई चर्चा बैठक में विकास कार्यों के साथ जिले की विधि-व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने जिले की विधि-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाकर आम लोगों को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक में सांसद शांभवी, विधान पार्षद तरुण कुमार, विधायक वीरेंद्र कुमार, राजकुमार राय, मांजरिक मृणाल, अजय कुमार, अश्वमेघ देवी, मेयर अनीता राम, जिला परिषद अध्यक्ष खुशबू कुमारी, समिति के उपाध्यक्ष दुर्गेश कुमार एवं उपेंद्र कुमार कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

समस्तीपुर

चिंकी को न्याय दिलाने थाना पहुंचे सैकड़ों लोग, आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी को 48 घंटे का अल्टीमेटम

थाना घेराव कर प्रदर्शनकारियों ने कहा- गिरफ्तारी नहीं हुई तो कटोरा लेकर निकालेंगे ‘न्याय की भीख यात्रा’, करेंगे चक्का जाम नया विचार न्यूज़ सरायरंजन |अख्तियारपुर गांव की 16 वर्षीय किशोरी चिंकी कुमारी की मौत के मामले में आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सैकड़ों लोगों ने सरायरंजन थाना का घेराव किया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी शिक्षक संजय कुमार झा को अविलंब गिरफ्तार कर जेल भेजने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आंदोलन की शुरुआत पतैली पेट्रोल पंप से हुई। यहां से बड़ी संख्या में लोग मार्च निकालते हुए सरायरंजन बाजार, प्रखंड मुख्यालय होते हुए थाना परिसर पहुंचे। थाना परिसर में मार्च नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गया। मार्च का संयुक्त नेतृत्व संजीव कुमार इन्कलाबी और प्रभाष कुमार ईश्वर ने किया। सभा को संबोधित करते हुए संजीव कुमार इन्कलाबी ने कहा कि घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों की मांग पर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद इन्कलाबी ने कहा कि यदि तय समय में आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी नहीं हुई तो अख्तियारपुर से सरायरंजन थाना तक हाथों में कटोरा लेकर ‘न्याय की भीख यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके बाद चक्का जाम कर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। ‘मेरी बेटी को न्याय मिलना चाहिए’ मृत किशोरी के पिता उत्तम राय ने कहा कि उनकी बेटी के साथ जो हुआ, उसमें परिवार न्याय चाहता है। उन्होंने कहा कि न्याय पाने के लिए चाहे उन्हें भीख मांगने के लिए सड़क पर क्यों न उतरना पड़े, वे पीछे नहीं हटेंगे। किशोरी के चाचा अशोक राय ने कहा कि परिवार न्याय के लिए लगातार दर-दर भटक रहा है, लेकिन अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। बताया गया कि 21 अगस्त की रात किशोरी के घर में शिक्षक संजय कुमार झा के मौजूद होने की बात सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया था। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा शिक्षक का वीडियो बनाए जाने की बात भी सामने आई है। इसी दौरान लोगों ने शिक्षक के साथ मारपीट की और वह वहां से निकलने में सफल रहा। अगले दिन 22 अगस्त को किशोरी ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। किशोरी के परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घटना के बाद सामाजिक दबाव और लोकलज्जा के कारण उसने यह कदम उठाया। हालांकि, मामले की वास्तविक परिस्थितियों और मौत के कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। चिंकी उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय अख्तियारपुर में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। बताया गया कि वह आरोपी शिक्षक के निजी कोचिंग संस्थान में भी पढ़ती थी। मामले को लेकर लोगों में आक्रोश बना हुआ है। प्रदर्शन में सत्यम कुमार झा, पवन कुमार पटेल, सौरभ कुमार झा, उमेश कुमार झा, विकास कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। लोगों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच, आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

समस्तीपुर

मुसापुर-जगदीशपुर में जदयू कार्यकर्ताओं की बैठक, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर

स्त्रीओं समेत अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का लिया संकल्प नया विचार न्यूज़ सरायरंजन | सरायरंजन प्रखंड क्षेत्र के मुसापुर पंचायत एवं मनिकपुर पंचायत के जगदीशपुर गांव में सोमवार को जदयू कार्यकर्ताओं की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने, पार्टी का विस्तार करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने आपसी समन्वय, अनुशासन और निष्ठा के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी नेतृत्वक संगठन की मजबूती उसके जमीनी कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है। इसके लिए पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की आवश्यकता है। बैठक में पार्टी से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। खासकर स्त्रीओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर कार्यकर्ताओं को अभियान चलाने की बात कही गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क किया जाएगा और पार्टी की नीतियों एवं प्रशासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में कार्यकर्ताओं ने स्थानीय विधायक सह उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के हाथों को मजबूत करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के विकास और संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। कार्यकर्ताओं ने आपसी मतभेदों को दूर रखते हुए पार्टी हित में मिल-जुलकर काम करने पर जोर दिया। मुसापुर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता संत कुमार सिंह ने की, जबकि जगदीशपुर में बैठक की अध्यक्षता हितेश पटेल ने की। बैठक को मुखिया हितेश कुमार, संत कुमार महतो, रंजीत महतो, ताराकांत राय, सद्दाम हुसैन, रामकरण सिंह, अजय कुमार राय, संतोष कुमार राम, संजय कुमार राय, अंशु कुमार सिंह, गौतम सिंह, नंदलाल महतो, उमाशंकर पासवान, नवीन कुमार सिंह, धर्मेंद्र दास, विकास कुमार सिंह, सुरेंद्र साह, रामपुकार साह, राजेश महतो, छोटू पासवान, गौतम शर्मा, अनिल पासवान, रामकुमार महतो, अशोक कुमार राय, रंजीत ठाकुर समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया। बैठक में दर्जनों जदयू कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी दिनों में पंचायत एवं बूथ स्तर पर लगातार बैठकें आयोजित करने की बात कही।

समस्तीपुर

प्रधान शिक्षकों की बैठक में उठीं एरियर व वेतन संरक्षण की मांगें, 15 सदस्यीय कमेटी गठित

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन – सरायरंजन प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचायत समिति भवन में शनिवार को प्रधान शिक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान शिक्षक नेता एवं प्रदेश नेतृत्वकर्ता बलवंत सिंह ने की। मंच संचालन सुजीत कुमार ठाकुर ने किया। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के प्रधान शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं, लंबित मांगों और संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान शिक्षक नेता बलवंत सिंह ने कहा कि प्रधान शिक्षकों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इसमें विरमण तिथि से ग्रेड पे का एरियर, विशिष्ट सेवा का एरियर तथा वेतन संरक्षण प्रमुख है। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर जल्द ही उच्चाधिकारियों से मुलाकात की जाएगी। अधिकारियों के समक्ष प्रधान शिक्षकों की समस्याओं को मजबूती से रखा जाएगा और लंबित मांगों को जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। बैठक के दौरान प्रधान शिक्षकों की 15 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। कमेटी के पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया। नवगठित कमेटी के सदस्यों को प्रखंड प्रमुख वीणा कुमारी ने पाग पहनाकर सम्मानित किया। कमेटी में सत्यनारायण दास को अध्यक्ष, रामानंद सहनी को सचिव तथा अनुरंजन कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसी प्रकार दिवस्पति मिश्रा को प्रवक्ता बनाया गया। पल्लवी कुमारी, नीतू कुमारी एवं हिंदुस्तान भूषण को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। सोशल मीडिया प्रभारी के रूप में रीना रौशन एवं उषा प्रियंबदा का चयन किया गया। जिला प्रतिनिधि के रूप में सुजीत कुमार ठाकुर, अफशाना निगार, आशुतोष रंजन एवं डॉ. विकास कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं राज्य प्रतिनिधि के रूप में बलवंत सिंह एवं सरोज कुमार झा का चयन किया गया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संगठन के माध्यम से प्रधान शिक्षकों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। शिक्षकों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर प्रयास करने की बात कही। नवगठित कमेटी के पदाधिकारियों को उपस्थित शिक्षकों ने बधाई दी। बैठक के अंत में सरोज कुमार झा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

समस्तीपुर

जस्सी ह”त्या”कां’ड के पाँच फरार के घर पुलिस ने किया कुर्की जब्ती 

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर ( झून्नू बाबा)  :मुफ्फसिल पुलिस नें जस्सी हत्या कांड के फरार पांच आरोपियों के विरुद्ध शनिवार को मुफस्सील थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह के नेतृत्व मे कुर्की जब्ती की कार्रवाई की है। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान तैनात थे। बता दें कि इसी वर्ष 8 फरवरी की शाम मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर हसनपुर वार्ड 15 निवासी सरस्वती चरण पासवान के पुत्र सतीश कुमार उर्फ जस्सी (18) का शव फंदे से लटका हुआ पुलिस नें बरामद किया था। परिजनों के अनुसार, जस्सी का पड़ोस की एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों ने लड़की के परिजनों पर मारपीट व हत्या का आरोप लगाते हुए मुफ्फसिल थाना में एफआईआर दर्ज कराया था। इसमें अजीत पासवान, सबिता देवी, इंद्रजीत कुमार, आशा कुमारी, ऋतिक कुमार, बीरो पासवान, किशन कुमार एवं बीरो पासवान की पत्नी रामकली देवी व अन्य तीन-चार अज्ञात के विरुद्ध मृतक के भाई के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के तुरंत बाद पुलिस पुलिस ने अजीत पासवान की पत्नी सविता देवी ऊर्फ सकीना को गिरफ्तार किया था। उसी मामले में फरार चल रहे अजीत पासवान, इंद्रजीत कुमार, आशा कुमारी, किशन कुमार एवं रामकली के विरुद्ध कुर्की जब्ती की कार्रवाई की गई।कुर्की जब्ती की कार्रवाई मे एसआई दीप शिखा सिन्हा, खुशबु कुमारी, संजीत कुमार, भीम सिंह यादव, कंदन वास्की, जीतेन्द्र कुमार, आदि पुलिस कर्मी मौज़ूद थे!

समस्तीपुर

राखी के धागों में बंधा हिंदू-मुस्लिम भाईचारा, मुसरीघरारी में दिखी गंगा-जमुनी संस्कृति 

नया विचार न्यूज सरायरंजन। रक्षा बंधन के पावन अवसर पर मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में हिंदू-मुस्लिम एकता और सामाजिक सौहार्द की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। क्षेत्र की कई हिंदू बहनों ने मुस्लिम भाई मो. नशीरुद्दीन की कलाई पर राखी बांधकर आपसी प्रेम, विश्वास और भाईचारे का संदेश दिया। रक्षा बंधन के मौके पर बहनों ने मो. नशीरुद्दीन की कलाई पर राखी बांधी और उनके सुखी, स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना की। वहीं, नशीरुद्दीन ने भी सभी बहनों का सम्मान करते हुए उन्हें भाई के रूप में स्नेह और सुरक्षा का भरोसा दिया। इस दौरान माहौल भावुक और सौहार्दपूर्ण बना रहा। मो. नशीरुद्दीन ने कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और आपसी सद्भाव का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि धर्म और मजहब अलग हो सकते हैं, लेकिन इंसानियत और भाईचारा सभी को एक-दूसरे से जोड़ता है। समाज में आपसी प्रेम और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। मुसरीघरारी में हुए इस आयोजन ने सांप्रदायिक सद्भाव की अनूठी तस्वीर पेश की। राखी के पवित्र धागों ने यह संदेश दिया कि आपसी प्रेम, सम्मान और भाईचारे का रिश्ता धर्म की सीमाओं से कहीं ऊपर है।

समस्तीपुर

जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सरायरंजन में कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति कार्यालय शुरू

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के कार्यालय का शुभारंभ किया गया। कार्यालय का उद्देश्य क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों तक मामला पहुंचाना है। कार्यालय प्रशासनी कार्यालय दिवस पर नियमित रूप से खुला रहेगा। आगामी सोमवार से यहां आम लोगों की समस्याओं को लेकर कार्य शुरू किया जाएगा। तात्कालिक रूप से कार्यालय का संचालन जीविका कार्यालय और प्रखंड आपूर्ति कार्यालय के समीप से किया जाएगा। कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद ने सम्मानित सदस्यों की उपस्थिति में फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान पुष्प वर्षा कर कार्यक्रम का स्वागत किया गया। अध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद ने कहा कि कार्यालय के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा। समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। उद्घाटन कार्यक्रम में प्रो. अमरेंद्र कुमार, मिलन सिंह, शकीर रजा, संजय राय, विदेशी राय, विनोद बिहारी वाजपेयी, रणजीत राय, बिनोद चौधरी, कृष्णा देवी सहित प्रखंड के दर्जनों कर्मचारी एवं समिति के सदस्य मौजूद रहे।

अपराध, समस्तीपुर

किशोरी की मौ”त मामले में शिक्षक पर गंभीर आरोप, दादी ने थाने में दिया आवेदन

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव में रविवार शाम 16 वर्षीय किशोरी चिंकी कुमारी की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतका की दादी राजो देवी ने घटना के तीसरे दिन सरायरंजन थाने में आवेदन देकर गांव के ही एक प्रशासनी शिक्षक संजय कुमार झा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। आवेदन के अनुसार, चिंकी कुमारी उत्तम महतो की पुत्री थी। दादी का आरोप है कि संजय कुमार झा किशोरी को कोचिंग में पढ़ाते थे। कोचिंग के दौरान जब अन्य बच्चों को छुट्टी दे दी जाती थी, तब कथित रूप से चिंकी को पढ़ाई के बहाने रोक लिया जाता था। दादी ने आरोप लगाया है कि घटना से एक दिन पहले शनिवार की रात संजय कुमार झा उस घर में पहुंचे, जहां किशोरी सो रही थी। राजो देवी के अनुसार, घर के सदस्यों को बातचीत की आवाज सुनाई दी। इसके बाद जब वे कमरे के पास पहुंचे तो कथित रूप से शिक्षक किशोरी के शरीर पर हाथ रखे हुए थे। परिजनों के कमरे में प्रवेश करने पर शिक्षक वहां से भागने लगे। आवेदन में दावा किया गया है कि घर के सदस्यों ने उन्हें पकड़ लिया और घटना का वीडियो भी बनाया, लेकिन बाद में मौका पाकर वह वहां से निकल गए। दादी ने आवेदन में आरोप लगाया है कि इस घटना से किशोरी मानसिक रूप से परेशान हो गई थी। इसी कारण उसने रविवार शाम घर के अंदर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने किशोरी को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। अब दादी के आवेदन के बाद पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुट गई है। पुलिस कथित वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है। सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि किशोरी की दादी की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन में प्रशासनी विद्यालय में कार्यरत शिक्षक संजय कुमार झा पर आरोप लगाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

समस्तीपुर

मेडिकल हॉल का ताला काटकर 3 लाख की दवा व 20,500 रुपए चोरी

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बरबट्टा हाट स्थित अमित मेडिकल हॉल में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला काटकर करीब तीन लाख रुपए मूल्य की दवाएं और गल्ले में रखे 20,500 रुपए नकद चोरी कर लिए। बुधवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाकर दुकान के अंदर जांच की और घटना की सूचना मुसरीघरारी पुलिस को दी। दुकानदार अरुण कुमार, पिता जगदीश राय, निवासी दबाईपट्टी, थाना सरायरंजन ने बताया कि बरबट्टा हाट में उनका मेडिकल हॉल है। मंगलवार की रात उनका छोटा भाई अर्जुन कुमार राय दुकान चला रहे थे। रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर वह घर चले गए। इसी दौरान परिवार में बच्ची की तबीयत खराब होने के कारण वे रात में दुकान के पास नहीं लौट सके और घर पर ही सो गए। बुधवार सुबह करीब पांच बजे जब वे दुकान पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। दुकान का ताला टूटा देख उन्हें चोरी की आशंका हुई। उन्होंने पास की चाय दुकान पर बैठे लोगों को बुलाया और उनके साथ दुकान के अंदर जाकर देखा। दुकान में कई जगह दवाएं बिखरी पड़ी थीं और गल्ला खुला हुआ था। दुकानदार के अनुसार, जांच करने पर पता चला कि दुकान से कई कीमती दवाएं गायब हैं। चोरी गई दवाओं की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा गल्ले में रखे 20,500 रुपए नकद भी नहीं मिले। इसके बाद तत्काल मुसरीघरारी थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मेडिकल हॉल की जांच की। पुलिस ने दुकान के आसपास के स्थानों का भी जायजा लिया। चोरी के तरीके और घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा सकते हैं, जिससे चोरों की पहचान में मदद मिल सके। मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस द्वारा घटनास्थल की जांच की जा रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इधर, मेडिकल हॉल में चोरी की घटना के बाद बरबट्टा हाट के दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है। दुकानदारों ने रात के समय बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

अपराध, समस्तीपुर

शशिनाथ झा ह”त्या”कांड में सुप्रीम कोर्ट ने पलटा हाईकोर्ट का आदेश, सजायाफ्ता अभियुक्तों को दो सप्ताह में सरेंडर का निर्देश

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर। पूर्व मुखिया शशिनाथ झा हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने पटना हाईकोर्ट के उस आदेश को निरस्त कर दिया है, जिसके तहत मामले में दोषी ठहराए गए अभियुक्तों की सजा को निलंबित कर उन्हें जमानत दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने संबंधित अभियुक्तों को दो सप्ताह के भीतर निचली अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और न्यायमूर्ति मनमोहन की पीठ ने की। सुनवाई के दौरान सर्वोच्च न्यायालय ने ट्रायल कोर्ट के फैसले और उसमें दर्ज साक्ष्यों के विश्लेषण पर विचार किया। अदालत ने कहा कि केवल प्राथमिकी दर्ज होने में देरी जैसे आधार पर ट्रायल कोर्ट के विस्तृत फैसले को प्रथम दृष्टया गलत नहीं माना जा सकता। मामले में ट्रायल कोर्ट ने अर्जुन दास उर्फ कारिया, निलेंद्र गिरि, हिमांशु राय, सुनील कुमार और सुमित कुमार उर्फ फुचुकिया को शशिनाथ झा की हत्या और आपराधिक षड्यंत्र के मामले में दोषी ठहराया था। अदालत ने सभी को आजीवन कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई थी। एक अभियुक्त को आर्म्स एक्ट के तहत भी आजीवन कारावास की सजा दी गई थी। ट्रायल कोर्ट के फैसले के खिलाफ अभियुक्तों ने पटना हाईकोर्ट में आपराधिक अपील दायर की थी। अपील की सुनवाई लंबित रहने के दौरान हाईकोर्ट ने 11 दिसंबर 2024 को अभियुक्तों की सजा को स्थगित करते हुए उन्हें जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया था। हाईकोर्ट के इस आदेश को मृतक की पत्नी माधुरी देवी और बिहार प्रशासन की ओर से सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के बाद हाईकोर्ट के सजा स्थगन और जमानत संबंधी आदेश को रद्द कर दिया। अदालत ने सभी संबंधित सजायाफ्ता अभियुक्तों को दो सप्ताह के भीतर ट्रायल कोर्ट के समक्ष सरेंडर करने का निर्देश दिया है। हालांकि, उनकी आपराधिक अपीलें हाईकोर्ट में लंबित रहेंगी और अभियुक्त अपनी अपीलों की शीघ्र सुनवाई के लिए हाईकोर्ट का रुख कर सकते हैं। पंचायत में विवाद सुलझाने पहुंचे थे शशिनाथ झा घटना 6 अगस्त 2021 को मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बखरी बुजुर्ग गांव में हुई थी। पूर्व मुखिया शशिनाथ झा गांव में पंचायत के माध्यम से एक विवाद सुलझाने के लिए पहुंचे थे। बताया गया कि पंचायत समाप्त होने के बाद जब वह अपने चारपहिया वाहन में बैठने जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर गोलीबारी कर दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच की थी। बाद में मामला न्यायालय में पहुंचा और सुनवाई के बाद ट्रायल कोर्ट ने आरोपितों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। हाईकोर्ट से मिली राहत के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां अब हाईकोर्ट के आदेश को निरस्त करते हुए अभियुक्तों को दो सप्ताह में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top