नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के कार्यालय का शुभारंभ किया गया। कार्यालय का उद्देश्य क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों तक मामला पहुंचाना है। कार्यालय प्रशासनी कार्यालय दिवस पर नियमित रूप से खुला रहेगा। आगामी सोमवार से यहां आम लोगों की समस्याओं को लेकर कार्य शुरू किया जाएगा।
तात्कालिक रूप से कार्यालय का संचालन जीविका कार्यालय और प्रखंड आपूर्ति कार्यालय के समीप से किया जाएगा। कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद ने सम्मानित सदस्यों की उपस्थिति में फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान पुष्प वर्षा कर कार्यक्रम का स्वागत किया गया।
अध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद ने कहा कि कार्यालय के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा। समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
उद्घाटन कार्यक्रम में प्रो. अमरेंद्र कुमार, मिलन सिंह, शकीर रजा, संजय राय, विदेशी राय, विनोद बिहारी वाजपेयी, रणजीत राय, बिनोद चौधरी, कृष्णा देवी सहित प्रखंड के दर्जनों कर्मचारी एवं समिति के सदस्य मौजूद रहे।