Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर

सरायरंजन नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में नल-जल योजना पर उठा सवाल, पेयजल संकट दूर करने के लिए विभागीय कार्रवाई तेज करने पर जोर

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन | सरायरंजन नगर पंचायत की सामान्य बोर्ड बैठक शनिवार को नरघोघी स्थित पंचायत प्रशासन भवन के सभाकक्ष में मुख्य पार्षद पूजा कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक का सबसे प्रमुख मुद्दा मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत संचालित नल-जल योजना रहा। विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित होने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई मोहल्लों में लोगों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक के दौरान वार्ड पार्षदों ने कहा कि नल-जल योजना पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद कई स्थानों पर पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति नियमित नहीं हो रही है। कहीं मोटर खराब है तो कहीं पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण जलापूर्ति बाधित है। उन्होंने संबंधित विभाग से अविलंब खराबियों को दूर कर योजना को प्रभावी ढंग से संचालित कराने की मांग की। मुख्य पार्षद पूजा कुमारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल संकट को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगर पंचायत की पहली जिम्मेदारी है। इसके लिए संबंधित विभाग नियमित रूप से निरीक्षण करें और जहां भी तकनीकी या प्रशासनिक समस्याएं हैं, उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। विभागीय योजनाओं के तहत विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति, लाभुकों के आवासों का जियो टैग, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन तथा पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ दिलाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा नगर पंचायत के सभी वार्डों में लगाए गए स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की समीक्षा की गई। कई वार्ड पार्षदों ने बताया कि अनेक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट खराब होने से रात के समय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर निर्णय लिया गया कि खराब स्ट्रीट लाइटों की सूची तैयार कर उनकी मरम्मत एवं आवश्यकतानुसार नए उपकरण लगाने की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी। बैठक में जलजमाव की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। पार्षदों ने कहा कि बरसात के मौसम में कई वार्डों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़कों और गलियों में पानी जमा हो जाता है। इससे आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और राहगीरों को भी परेशानी होती है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा नालों की नियमित सफाई कराई जाए। नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता, सड़क मरम्मत, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार तथा विकास योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि नगर पंचायत के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। कार्यपालक पदाधिकारी जयराम प्रसाद ने बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं पर कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जिन योजनाओं में तकनीकी या प्रशासनिक बाधाएं हैं, उनका शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में उप मुख्य पार्षद सुष्मिता कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी जयराम प्रसाद, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य एवं वार्ड पार्षद तनजील इमाम, कविता कुमारी, टिंकू कुमार, नीरज कुमार झा, देवेंद्र पासवान, बैद्यनाथ झा, सविता देवी, बाबी चौधरी, सुशील राय, मो. असगर, मंटून कुमार, किरण देवी, पूजा देवी, गीता देवी सहित नगर पंचायत के अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के अंत में मुख्य पार्षद ने कहा कि नगर पंचायत के विकास और नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैठक में लिए गए निर्णयों को धरातल पर उतारने के लिए नगर पंचायत प्रशासन गंभीरता से कार्रवाई करेगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।

समस्तीपुर

सरायरंजन अंचल कार्यालय में जनता दरबार, भूमि विवाद के पांच मामलों का ऑन द स्पॉट निपटारा

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन | सरायरंजन अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को अंचलाधिकारी (सीओ) निशांत कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में लोग अपनी भूमि संबंधी समस्याओं और विवादों के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और नियमानुसार उनका निष्पादन किया। अंचलाधिकारी निशांत कुमार ने बताया कि जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। रामचंद्रपुर, रायपुर बुजुर्ग, मनका गंगापुर, मुसापुर सहित अन्य पंचायतों से आए लोगों ने जमीन की सीमा निर्धारण, कब्जा विवाद, रास्ता संबंधी विवाद और अन्य राजस्व मामलों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि सुनवाई के दौरान कुल पांच मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। दोनों पक्षों की बात सुनने, उपलब्ध दस्तावेजों की जांच और राजस्व अभिलेखों के आधार पर निर्णय लेते हुए विवादों का समाधान कराया गया। वहीं तीन मामलों में आवश्यक दस्तावेजों और तथ्यों की जांच के लिए दोनों पक्षों को अगली निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया। सीओ ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों को भूमि विवादों के समाधान के लिए सरल, पारदर्शी और सुलभ व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इससे लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और छोटे-छोटे विवादों का समय पर निपटारा हो जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भूमि संबंधी किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायत प्रस्तुत करें, ताकि उसका निष्पक्ष एवं विधिसम्मत समाधान किया जा सके। जनता दरबार के दौरान राजस्व एवं पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मामलों की सुनवाई की, जिससे निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सकी। इस अवसर पर सरायरंजन थाना के एएसआई कैलाश प्रसाद यादव तथा मुसरीघरारी थाना के पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे और आवश्यक सहयोग प्रदान किया। अंचल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनता दरबार का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा, ताकि भूमि विवादों का त्वरित निपटारा हो सके और क्षेत्र में आपसी सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे। अधिकारियों ने कहा कि लंबित मामलों का भी प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे आम लोगों को समय पर न्याय मिल सके।

समस्तीपुर

जिला राजद के वरीय उपाध्यक्ष मो.अरमान सदरी के निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड युवा राजद के द्वारा शुक्रवार को सरायरंजन में राजद के जिला उपाध्यक्ष मो. अरमान सदरी के निधन पर एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गयी। श्रद्धांजलि सभा में 02 मिनट का मौन रख कर राजद उपाध्यक्ष दिवंगत मो.अरमान सदरी को श्रद्धांजलि दी गयी। अध्यक्षता युवा राजद के प्रखंड अध्यक्ष मो.राजा ने की। राजद अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सह सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के राजद के पूर्व प्रत्याशी अरविन्द सहनी ने कहा कि अरमान सदरी के निधन की समाचार से वे बेहद मर्माहत है। एक लोकप्रिय समाजसेवी एवं चर्चित राजद नेता के रूप मे अरमान सदरी सदैव याद किए जाते रहेंगे।राजद उपाध्यक्ष मो. अरमान सदरी के निधन पर राजद अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द सहनी, जिला महासचिव लालबाबू महतो, पूर्व मुखिया विष्णुदेव पासवान, राजद नेता प्रो.सत्यनारायण राय, जिला महासचिव मो. परवेज आलम, राजद अल्पसंख्यक सेल के जिलाध्यक्ष मो. नसीम अब्दुल्लाह, युवा राजद के प्रदेश महासचिव राजू यादव, राजद नेत्री अर्चना अंजू, राजद नेता संजीव इंक़लाबी, युवा राजद प्रखंड अध्यक्ष मो. राजा आदि ने गहरा दुख व्यक्त किया ह।

बिहार, मुख्य खबर, समस्तीपुर

आधुनिक रेल अवसंरचना विकास के लिए समस्तीपुर मंडल प्रयासरत, 04 अगस्त 2026 को ककरघट्टी यार्ड में होगी फुट ओवर ब्रिज गर्डर लॉन्चिंग

फुट ओवर ब्रिज गर्डर लॉन्चिंग कार्य से बढ़ेगी सुरक्षा और परिचालन क्षमता नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर–   पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल में यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं विश्वस्तरीय रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रेलवे अवसंरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 04 अगस्त 2026 को ककरघट्टी यार्ड में फुट ओवरब्रिज गर्डर लॉन्चिंग की जाएगी।जिसके लिए 11:20 बजे से 15:15 बजे तक (03 घंटे 55 मिनट) ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। रेल प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि ये ब्लॉक यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिए जा रहे हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा, भीड़भाड़ में कमी आएगी, परिचालन क्षमता बढ़ेगी, ट्रेनों के समयपालन में सुधार होगा तथा भविष्य में अधिक ट्रेनों के संचालन का मार्ग भी प्रशस्त होगा। यह कार्य समस्तीपुर मंडल के रेल नेटवर्क को और अधिक आधुनिक एवं सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 04 अगस्त 2026 को ककरघट्टी यार्ड में होगी फूट ओवर ब्रिज गर्डर लॉन्चिंग दिनांक 04 अगस्त 2026 (मंगलवार) को ककरघट्टी यार्ड की लाइन संख्या 01, 02, 03 एवं 04 पर फुट ओवर ब्रिज गर्डर लॉन्चिंग के लिए 11:20 बजे से 15:15 बजे तक (03 घंटे 55 मिनट) ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक ट्रेन संख्या 13212 के गुजरने के बाद प्रभावी होगा। इस दौरान निम्नलिखित ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी परिवर्तन रहेगा— पुनर्निर्धारित (Rescheduled) ट्रेनें 13225 जयनगर–आरा एक्सप्रेस : जयनगर से 120 मिनट विलंब से प्रस्थान करेगी। 13226 आरा–जयनगर एक्सप्रेस : आरा से 120 मिनट विलंब से प्रस्थान करेगी। 63377 लहेरियासराय– सहरसा मेमू पैसेंजर : लहेरियासराय से 90 मिनट विलंब से प्रस्थान करेगी। नियंत्रित (Regulated) ट्रेनें 15553 भागलपुर–जयनगर एक्सप्रेस : समस्तीपुर जंक्शन–दरभंगा जंक्शन के मध्य 45 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी। 11062 जयनगर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस : जयनगर–तारसराय रेलखंड के मध्य 50 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी। यात्रियों को होंगे ये महत्वपूर्ण लाभ इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद— * रेलवे संरक्षा मानकों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। * रेल परिचालन अधिक सुचारु एवं समयबद्ध होगा। * भविष्य में अधिक ट्रेनों के सुरक्षित संचालन एवं बेहतर परिचालन क्षमता विकसित होगी। * आधुनिक रेल अवसंरचना के माध्यम से यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा। समस्तीपुर मंडल रेल प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है कि उपर्युक्त अवधि में यात्रा करने से पूर्व अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति रेलवे के अधिकृत माध्यमों तथा 139 से अवश्य प्राप्त कर लें। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं भविष्य में और अधिक बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिए जा रहे इन अस्थायी परिचालन परिवर्तनों में सहयोग प्रदान करें।

समस्तीपुर

समाज का दर्पण है प्रेमचंद का साहित्य : अनंत,  प्रेमचंद जयंती पर साहित्यिक विचार गोष्ठी आयोजित

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय सरायरंजन शुक्रवार को महान साहित्यकार एवं उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने प्रेमचंद के साहित्य, सामाजिक सरोकारों और मानवीय मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में साहित्यप्रेमियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।मुख्य अतिथि अनंत कुमार राय ने कहा, “प्रेमचंद का साहित्य समाज का दर्पण है। उनकी रचनाएँ आज भी हमें सत्य, न्याय और मानवता का मार्ग दिखाती हैं। नई पीढ़ी को उनके विचारों से अवश्य जुड़ना चाहिए।”अध्यक्षीय संबोधन में विद्यालय के प्रधानाध्यापक रवींद्र कुमार ठाकुरने कहा, “प्रेमचंद ने अपनी लेखनी से शोषित और वंचित वर्ग को आवाज़ दी। उनका साहित्य केवल कहानी नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम है। उनके आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।”विशिष्ट अतिथि प्रो. अवधेश कुमार झा ने अपने विचार रखते हुए कहा, “प्रेमचंद ने हिंदुस्तानीय संस्कृति, नैतिकता और संवेदनशीलता को साहित्य में जीवंत रूप दिया। उनका जीवन और कृतित्व हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमें उनके मूल्यों को अपने आचरण में उतारना चाहिए।”अति विशिष्ट अतिथि पद से बोलते हुए साहित्यकार कुमोद प्रसाद गिरि ने कहा, “ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। प्रेमचंद का साहित्य समाज में समानता, करुणा और मानवीय चेतना का संदेश देता है। हमें उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।”कार्यक्रम के अंत में प्रेमचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। मौके पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार साहू रामचंद्र साहू रामदयाल राय रवींद्रनाथ झा,रंजीत कुमार, मदन कुमार भगत, राकेश कुमार, शरत कुमार, सोनाली कुमारी सिन्हा सहित सभी शिक्षक –शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

ताजा ख़बर, बिहार, समस्तीपुर

चलायी जा रही स्पेशल ट्रेन के परिचालन अवधि में विस्तार

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर-  यात्रियों की अत्याधिक भीड़ के मद्देनजर उनकी सुविधा हेतु मंडल द्वारा चलायी जा रही स्पेशल ट्रेन के परिचालन अवधि में विस्तार करने निर्णय लिया गया है जिनका विवरण निम्नानुसार है – गाड़ी संख्या 05557/05558 रक्सौल- लोकमान्य तिलक-रक्सौल स्पेशल – सीतामढ़ी- मुजफ्फरपुर- हाजीपुर- पाटलिपुत्र- डीडीयू के रास्ते रक्सौल और लोकमान्य तिलक के मध्य चलायी जा रही स्पेशल के परिचालन अवधि में विस्तार किया जा रहा है । गाड़ी सं. 05557 रक्सौल- लोकमान्य तिलक स्पेशल अब रक्सौल से 04.08.2026 से 15.09.2026 तक सप्ताह के प्रत्येक मंगलवार को परिचालित की जायेगी । इसी तरह गाड़ी सं. 05558 लोकमान्य तिलक-रक्सौल स्पेशल अब लोकमान्य तिलक से 06.08.2026 से 17.09.2026 तक सप्ताह के प्रत्येक गुरूवार को परिचालित की जायेगी ।

बिहार, समस्तीपुर

शीशो एवं ककरघट्टी में यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं आधुनिक रेल अवसंरचना विकास के लिए समस्तीपुर मंडल प्रयासरत

• 28 जुलाई 2026 को शिशो यार्ड में फुट ओवर ब्रिज गर्डर की लॉन्चिंग सफलतापूर्वक संपन्न • 04 अगस्त 2026 को ककरघट्टी यार्ड में होगी फुट ओवर ब्रिज गर्डर लॉन्चिंग • फुट ओवर ब्रिज गर्डर लॉन्चिंग कार्य से बढ़ेगी सुरक्षा और परिचालन क्षमता नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर– पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल में यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं विश्वस्तरीय रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रेलवे अवसंरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 28 जुलाई 2026 को शिशो यार्ड में शिशो यार्ड की लाइन संख्या 01, 02, 03 एवं 04 पर फुट ओवर ब्रिज गर्डर की लॉन्चिंग सफलतापूर्वक संपन्न हुई l रेल प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि ये ब्लॉक यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिए जा रहे हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा, भीड़भाड़ में कमी आएगी, परिचालन क्षमता बढ़ेगी, ट्रेनों के समयपालन में सुधार होगा तथा भविष्य में अधिक ट्रेनों के संचालन का मार्ग भी प्रशस्त होगा। यह कार्य समस्तीपुर मंडल के रेल नेटवर्क को और अधिक आधुनिक एवं सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। फुट ओवर ब्रिज गर्डर की लॉन्चिंग सफलतापूर्वक संपन्न दिनांक 28 जुलाई 2026 (मंगलवार) को शिशो यार्ड की लाइन संख्या 01, 02, 03 एवं 04 पर फुट ओवर ब्रिज गर्डर लॉन्चिंग के लिए प्रातः 06:55 बजे से 10:50 बजे तक (03 घंटे 55 मिनट) ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया गया। विदित हो कि यह कार्य ट्रेन संख्या 15502 के गुजरने के उपरांत प्रारंभ किया गया था। इस दौरान 63374 नरकटियागंज–दरभंगा मेमू पैसेंजर को रक्सौल जंक्शन–मुहम्मदपुर रेलखंड के मध्य लगभग 1 घंटा 40 मिनट नियंत्रित (Regulated) कर चलाया गया। 04 अगस्त 2026 को ककरघट्टी यार्ड में होगा द्वितीय चरण दिनांक 04 अगस्त 2026 (मंगलवार) को ककरघट्टी यार्ड की लाइन संख्या 01, 02, 03 एवं 04 पर फुट ओवर ब्रिज गर्डर लॉन्चिंग के लिए 11:20 बजे से 15:15 बजे तक (03 घंटे 55 मिनट) ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक ट्रेन संख्या 13212 के गुजरने के बाद प्रभावी होगा। इस दौरान निम्नलिखित ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी परिवर्तन रहेगा-  पुनर्निर्धारित (Rescheduled) ट्रेनें 13225 जयनगर–आरा एक्सप्रेस : जयनगर से 120 मिनट विलंब से प्रस्थान करेगी। 13226 आरा–जयनगर एक्सप्रेस : आरा से 120 मिनट विलंब से प्रस्थान करेगी। 63377 लहेरियासराय– सहरसा मेमू पैसेंजर : लहेरियासराय से 90 मिनट विलंब से प्रस्थान करेगी। नियंत्रित (Regulated) ट्रेनें 15553 भागलपुर–जयनगर एक्सप्रेस : समस्तीपुर जंक्शन–दरभंगा जंक्शन के मध्य 45 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी। 11062 जयनगर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस : जयनगर–तारसराय रेलखंड के मध्य 50 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी। यात्रियों को होंगे ये महत्वपूर्ण लाभ इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद— * शिशो एवं ककरघट्टी स्टेशनों पर यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक फुट ओवर ब्रिज की सुविधा उपलब्ध होगी। * प्लेटफॉर्म बदलने में लगने वाला समय कम होगा तथा भीड़भाड़ में कमी आएगी। * रेलवे संरक्षा मानकों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। * रेल परिचालन अधिक सुचारु एवं समयबद्ध होगा। * भविष्य में अधिक ट्रेनों के सुरक्षित संचालन एवं बेहतर परिचालन क्षमता विकसित होगी। * आधुनिक रेल अवसंरचना के माध्यम से यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा। समस्तीपुर मंडल रेल प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है कि उपर्युक्त अवधि में यात्रा करने से पूर्व अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति रेलवे के अधिकृत माध्यमों तथा 139 से अवश्य प्राप्त कर लें। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं भविष्य में और अधिक बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिए जा रहे इन अस्थायी परिचालन परिवर्तनों में सहयोग प्रदान करें।

शिक्षा, समस्तीपुर

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत : ले. कर्नल साहिल कोचर

स्त्री कॉलेज में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित हिंदुस्तान’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक व स्लैम पोएट्री से दिया संदेश नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर- युवा कार्यक्रम एवं स्पोर्ट्स मंत्रालय, हिंदुस्तान प्रशासन के अंतर्गत मेरा युवा हिंदुस्तान (MY Bharat), समस्तीपुर के तत्वावधान में गुरुवार को स्त्री कॉलेज, समस्तीपुर में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित हिंदुस्तान” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त, स्वस्थ और सशक्त हिंदुस्तान के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल साहिल कोचर, 12 बिहार एनसीसी बटालियन रहे। इस अवसर पर सहायक निदेशक-सह-जिला युवा पदाधिकारी विजेता मजूमदार, अनुष्का श्रीवास्तव (ADMO), श्रीमती सोनाली (ADDE), स्त्री कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजेश कुमार रंजन तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रिंकी कुमारी सहित महाविद्यालय के शिक्षक, एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल साहिल कोचर ने कहा कि युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रहकर अनुशासित, स्वस्थ और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित जीवन अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा शक्ति पर निर्भर है और नशामुक्त युवा ही विकसित हिंदुस्तान के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। अन्य वक्ताओं ने भी युवाओं से नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर ही युवा अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग कर सकते हैं और राष्ट्र निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद प्रतियोगिता, संगीत प्रस्तुति, स्लोगन लेखन और स्लैम पोएट्री जैसी विभिन्न जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव, स्वस्थ जीवनशैली के महत्व तथा विकसित हिंदुस्तान के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। साथ ही उन्हें नशामुक्त, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनकर विकसित हिंदुस्तान के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित हिंदुस्तान के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

समस्तीपुर

डिजिटल रिपोर्टिंग से मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाएं होंगी और प्रभावी : डीएम

सदर अस्पताल में मिडवाइफरी IEC रिपोर्टिंग डैशबोर्ड पर ऑनलाइन हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण, स्वास्थ्यकर्मियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – सदर अस्पताल, समस्तीपुर में गुरुवार को मिडवाइफरी IEC रिपोर्टिंग डैशबोर्ड पर ऑनलाइन हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य मिडवाइफरी सेवाओं को तकनीक आधारित और अधिक प्रभावी बनाते हुए स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाना तथा मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल तकनीक का प्रभावी उपयोग समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का व्यवहारिक उपयोग करने तथा IEC रिपोर्टिंग डैशबोर्ड पर नियमित, सटीक और समय पर डेटा अपलोड करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रभावी निगरानी और मूल्यांकन संभव हो सकेगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को IEC रिपोर्टिंग डैशबोर्ड के संचालन, डेटा प्रविष्टि, रिपोर्ट तैयार करने, ऑनलाइन मॉनिटरिंग तथा विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने लाइव डेमो के माध्यम से डैशबोर्ड के विभिन्न मॉड्यूल का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया, जिससे स्वास्थ्यकर्मियों को डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली की बेहतर समझ विकसित हुई। सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि मिडवाइफरी IEC रिपोर्टिंग डैशबोर्ड के माध्यम से मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी अधिक प्रभावी और व्यवस्थित होगी। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने की अपील की। प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग पदाधिकारी, मिडवाइफ, एएनएम, जीएनएम सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी एवं संबंधित अधिकारी शामिल हुए। प्रतिभागियों को डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया गया, जिससे भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।

अपराध, समस्तीपुर

“तीनों ने मुंह दबाकर जब”रदस्ती की, फिर मैं बेहोश हो गई”: नाबालिग पीड़िता का आरोप

पिता ने स्त्री थाना में दिया आवेदन, एक नामजद व दो अज्ञात पर केस; मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार नया विचार न्यूज सरायरंजन (समस्तीपुर)। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार शाम कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना में गुरुवार को पीड़ित नाबालिग छात्रा ने पहली बार अपनी आपबीती सुनाई। नौवीं कक्षा की छात्रा ने आरोप लगाया कि घास काटने के दौरान तीन युवकों ने उसके साथ जबरदस्ती की और विरोध करने पर उसका मुंह दबा दिया। दूसरी ओर, पीड़िता के पिता ने स्त्री थाना में लिखित आवेदन देकर एक नामजद एवं दो अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान तेज कर दिया है। मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पीड़िता का आरोप— “मैं चीखती रही, उन्होंने मुंह दबा दिया” पीड़िता ने नया विचार न्यूज़ से बातचीत में आरोप लगाया कि मंगलवार शाम वह घर के पास खेत में घास काटने गई थी। उसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और उसके साथ जबरदस्ती करने लगे। पीड़िता ने कहा, “मैंने विरोध किया और शोर मचाया तो उनमें से एक ने मेरा मुंह दबा दिया। इसके बाद तीनों ने बारी-बारी से मेरे साथ जबरदस्ती की। फिर मैं बेहोश हो गई। मुझे आगे क्या हुआ, इसकी कोई जानकारी नहीं है।” उसने बताया कि वह एक आरोपित को पहचानती है, जबकि अन्य दो की पहचान नहीं कर सकी। बातचीत के दौरान वह काफी सहमी हुई दिखी और उसने कहा कि उसे न्याय चाहिए। पीड़िता के इन आरोपों की पुष्टि अभी पुलिस जांच, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर की जानी बाकी है। पिता बोले— “बेटी खेत में बेहोश मिली” पीड़िता के पिता ने बताया कि मंगलवार शाम उनकी बेटी घास काटने गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर पहले उसकी छोटी और बड़ी बहन उसे खोजने निकलीं। जब उसका पता नहीं चला तो उन्हें भी सूचना दी गई। उस समय वह पास के एक प्लाई बोर्ड कारखाने में काम कर रहे थे। उन्होंने बताया, “हम लोग आसपास के खेतों में खोजबीन करने लगे। इसी दौरान जनेर (मक्के) के खेत में बेटी बेहोशी की हालत में मिली। उसके कपड़ों पर खून के निशान थे और वह अर्धनग्न अवस्था में थी। हम उसे तुरंत घर लाए और स्थानीय डॉक्टर से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन वे उपलब्ध नहीं थे। इसके बाद मुसरीघरारी थाना को सूचना दी गई। पुलिस के निर्देश पर हम उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर लेकर पहुंचे।” इलाज में देरी का आरोप पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि सदर अस्पताल में इलाज शुरू होने में करीब दो घंटे की देरी हुई। उन्होंने कहा, “हमें काफी देर तक इधर-उधर भेजा जाता रहा। बाद में पुलिस के पहुंचने के बाद इलाज शुरू हुआ। पूरी रात इलाज चला। अगले दिन पुलिस हमारे घर आई, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आगे की जांच के लिए हमें फिर अपने साथ ले गई।” स्त्री थाना में आवेदन पीड़िता के पिता ने स्त्री थाना में लिखित आवेदन देकर एक नामजद और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो कानून के अनुसार दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। घटना के समय परिवार के साथ अस्पताल गए एक ग्रामीण ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर दावा किया कि अस्पताल में कुछ लोगों ने मीडिया से बात नहीं करने की सलाह दी थी। ग्रामीण ने आशंका जताई कि मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा था। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम के समय बच्चियों को अकेले खेत या सुनसान रास्तों पर भेजने से लोग बच रहे हैं। पुलिस का पक्ष मुसरीघरारी थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता के पिता के आवेदन के आधार पर स्त्री थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। घटनास्थल से मिले कपड़ों सहित अन्य संभावित साक्ष्यों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस के अनुसार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। पुलिस ने यह भी कहा कि पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा तथा मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा रही है। सुरक्षा बढ़ाने की मांग घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि खेतों और सुनसान रास्तों पर शाम के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि जांच में आरोप सही साबित होते हैं तो दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल पूरे मामले में मेडिकल रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पुलिस का इंतजार है। इन्हीं के आधार पर घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट होंगी और आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top