Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर

मुसरीघरारी नगर पंचायत के वार्ड-9 में सहयोग शिविर आयोजित, आवास, पेंशन, राशन कार्ड और बिजली-पानी की समस्याओं पर मिले आवेदन

नया विचार न्यूज़ मुसरीघरारी (समस्तीपुर)। नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार प्रशासन के निर्देशानुसार मुसरीघरारी नगर पंचायत के वार्ड संख्या-9 स्थित काली स्थान परिसर में मंगलवार को विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए। लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल, बिजली, भूमि विवाद सहित अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की। शिविर में पहुंचे लोगों ने बताया कि वार्ड संख्या-9 के अधिकांश बिजली पोलों पर अब तक स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई गई है, जिससे शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है और लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। वहीं पछियारी टोला स्थित ब्रह्मस्थान का चापाकल लंबे समय से खराब पड़ा है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कई लोगों ने भूमि संबंधी विवादों और अन्य प्रशासनी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई। शिविर में ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन स्वीकार किए गए। शिविर के दौरान अधिकारियों ने लोगों को बताया कि बिहार प्रशासन के निर्देशानुसार प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाएगा। प्रशासन की मंशा है कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो और उन्हें प्रशासनी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। यदि किसी अधिकारी द्वारा निर्धारित समय सीमा में आवेदन का निष्पादन नहीं किया जाता है, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस व्यवस्था से लोगों में विश्वास बढ़ा है कि उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान होगा। शिविर को संबोधित करते हुए मुसरीघरारी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार रंजन ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों तक सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिन पात्र नागरिकों को अब तक किसी योजना का लाभ नहीं मिला है, वे शिविर में आवेदन देकर उसका लाभ उठाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं, राशन कार्ड, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी विस्तार से दी। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान उनके वार्ड स्तर पर ही करना है, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से प्रशासनी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। सभी आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। शिविर में लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि निर्धारित 30 दिनों के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान होगा। कई लोगों ने कहा कि यदि समयबद्ध कार्रवाई होती है तो आम जनता का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होगा। इस अवसर पर वार्ड पार्षद रामसागर शाह, तौसीफ आलम, साजिद राजा, नेहा कुमारी, आकाश कुमार, आनंद मोहन, शंभू कुमार सहित नगर पंचायत के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

समस्तीपुर

‘सात निश्चय-3’ के तहत नए राजकीय महाविद्यालयों की तैयारियों का डीएम ने किया निरीक्षण, समय पर संचालन के दिए निर्देश

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर । बिहार प्रशासन की ‘सात निश्चय-3’ योजना के अंतर्गत महाविद्यालय विहीन प्रखंडों में नए राजकीय महाविद्यालयों की स्थापना एवं संचालन की तैयारियों का बुधवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने खानपुर और कल्याणपुर प्रखंड स्थित प्रस्तावित राजकीय महाविद्यालयों का दौरा कर आधारभूत सुविधाओं एवं शैक्षणिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महाविद्यालय भवनों की स्थिति, फर्नीचर, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, क्रय एवं आपूर्ति की प्रगति, शिक्षकों की पदस्थापना एवं प्रतिनियुक्ति, पेयजल, विद्युत, शौचालय तथा पठन-पाठन शुरू करने के लिए आवश्यक अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अपर समाहर्ता सह नोडल पदाधिकारी प्रेम शंकर झा एवं संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्यों से तैयारियों की बिंदुवार जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रशासन की मंशा के अनुरूप सभी शेष कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि महाविद्यालयों का नियमित संचालन शीघ्र प्रारंभ हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करें। उन्होंने कहा कि इन महाविद्यालयों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा मिलेगी और उन्हें पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। गौरतलब है कि जिले के खानपुर, कल्याणपुर, सिंघिया, विभूतिपुर और विद्यापतिनगर प्रखंडों में कुल पांच नए राजकीय महाविद्यालयों का संचालन प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी, संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्य तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

समस्तीपुर

समारोहपूर्वक मनाया गया डॉक्टर्स डे

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय गंगापुर में बुधवार को डॉक्टर्स डे मनाया गयामनाया । समारोह की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक अखिलेश ठाकुर ने कहा की हिंदुस्तान में प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को डॉक्टर्स डे मनाया जाता है।यह दिन महान चिकित्सक, शिक्षाविद,स्वतंत्रता सेनानी तथा पश्चिम बंगाल के द्वितीय मुख्यमंत्री डॉ. विधान चंद्र राय की जयंती और पुण्यतिथि के उपलक्ष में मनाया जाता है।डॉ. वी.सी. राय का जीवन चिकित्सा सेवा, ईमानदारी, अनुशासन और मानव कल्याण का अद्भुत उदाहरण है। उनके सम्मान में पूरे देश में यह दिन चिकित्सकों के अमूल्य योगदान को याद करने और उन्हें सम्मानित करने के लिए मनाया जाता है। वहीं वरीय शिक्षक त्रिभुवन प्रसाद शर्मा ने कहा कि डॉक्टर वह व्यक्ति होता है जो रोगी के दर्द को अपना दर्द समझता है। जब कोई व्यक्ति बीमारी, दुर्घटना या किसी गंभीर संकट से जूझ रहा होता है तब डॉक्टर ही सबसे पहले उसकी सहायता के लिए आगे आते हैं। मौके पर शिक्षक– शिक्षिकाओं में राज कुमार,नूतन कुमारी, ज्योति कुमारी, रुबी कुमारी,आरती कुमारी,रिंकू कुमारी, शुभम कुमारी, सृष्टि सिंह सहित सभी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

समस्तीपुर

रेणु सिंह की पुण्यस्मृति में सजी काव्य संध्या, कविताओं के रंगों से सराबोर हुए श्रोता

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के सीमावर्ती मालपुर स्थित रामचंद्र निवास में मंगलवार की संध्या दिवंगत रेणु सिंह की पुण्यस्मृति में एक भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। साहित्य, संवेदना और सृजन के इस अनुपम संगम में कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रृंगार, हास्य, समाज, प्रकृति और जीवन-दर्शन के विविध रंग प्रस्तुत कर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं कवि चांद मुसाफिर ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण होता है तथा ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। काव्य गोष्ठी का संचालन चर्चित गीतकार डॉ. सच्चिदानंद पाठक ने किया। उन्होंने अपनी भावपूर्ण रचना “आशा नए दिवस की होगी सुबह नई, पूरब की लालिमा जाने कहां गई…” सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। डॉ. प्रेम कुमार पांडे ने “कविगण हैं आए, हम सबको बुलाए…” के माध्यम से साहित्यिक वातावरण को और ऊर्जावान बनाया। पर्यावरणविद् वशिष्ठ राय ‘वशिष्ठ’ ने “पर्यावरण जान है जीवन की, यह पहचान है मधुवन की…” प्रस्तुत कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। प्रसिद्ध शायर ज्वाला सांध्यपुष्प ने “नारी सुंदर गीत है, नारी स्वयं सितार…” सुनाकर नारी सम्मान और उसकी महिमा का भावपूर्ण चित्रण किया। वहीं दुखित महतो ‘भक्तराज’ की कृष्णभक्ति से ओतप्रोत रचना “बड़ा नटखट हई माखन चोर…” ने श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।चर्चित कवि एवं पत्रकार कुमोद प्रसाद गिरि ने अपनी स्मृतिपरक रचना “आज स्मृतियों के दीप पुनः जल उठे हैं, मन के आंगन में भावों के फूल खिल उठे हैं…” प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भावनात्मक ऊंचाई प्रदान की। स्मृति झा ने अपनी प्रभावशाली रचना “चौंकने का दौर है ये, चौंकना जारी रहेगा…” के माध्यम से समकालीन सामाजिक यथार्थ को स्वर दिया।अध्यक्ष चांद मुसाफिर ने अपनी चर्चित पंक्तियां “जुल्मी की उठती कोठी को देखा उम्र भर, लेकिन ऐशोआराम खातिर जुल्म करना नहीं सीखा…” सुनाकर श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। देर शाम तक रामचंद्र निवास तालियों की गड़गड़ाहट और साहित्यिक रसधारा से गुंजायमान रहा।गोष्ठी में गणेश दत्त झा, मनोज कुमार मिश्रा चंद्रशेखर चौधरी आजादविकास कुमार, बब्बन गिरि,रमा चौधरी, बेबी चौधरी, आर्या हिंदुस्तानी सहित अन्य कवियों ने भी अपनी समकालीन रचनाओं के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, मानवीय मूल्यों और जीवन की सच्चाइयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।कार्यक्रम के अंत में मुख्य आयोजक अरुण कुमार सिंह ‘मालपुरी’ ने सभी अतिथियों, कवियों एवं श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

समस्तीपुर

पांच महीने से बंद नल-जल योजना पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, नगर पंचायत कार्यालय का घेराव; 15 दिन में जलापूर्ति बहाल करने का आश्वासन

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन । नगर पंचायत सरायरंजन के गोपालपुर गांव स्थित वार्ड संख्या-13 में पिछले पांच महीनों से नल-जल योजना बंद रहने से नाराज ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने नगर पंचायत कार्यालय का घेराव कर अधिकारियों के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप था कि कई बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिससे उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी के संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड संख्या-13 में करीब 150 परिवार निवास करते हैं। पिछले पांच महीनों से नल-जल योजना पूरी तरह ठप पड़ी है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए निजी चापाकलों और अन्य वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत प्रशासन को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं होने पर लोगों का धैर्य जवाब दे गया और वे नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन करने लगे। घेराव की सूचना मिलते ही मुख्य पार्षद पूजा कुमारी और कार्यपालक पदाधिकारी जयराम प्रसाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि अगले 15 दिनों के भीतर नल-जल योजना को चालू कर नियमित जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और अपना आंदोलन समाप्त किया। मुख्य पार्षद पूजा कुमारी ने बताया कि वार्ड संख्या-13 में पहले कराई गई बोरिंग में पर्याप्त जलस्तर नहीं मिला था। इसके बाद लगभग 500 फीट तक दोबारा बोरिंग कराई गई, लेकिन उसमें भी अपेक्षित जलस्तर नहीं मिलने के कारण योजना चालू नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि लोगों की परेशानी को देखते हुए नगर पंचायत की ओर से टैंकर के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा था, ताकि किसी को पानी की गंभीर समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट कार्यपालक पदाधिकारी और कनीय अभियंता के माध्यम से संबंधित विभाग को भेजी गई थी। अब नई बोरिंग के लिए निविदा (टेंडर) स्वीकृत हो चुकी है और प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। उम्मीद है कि अगले 15 दिनों के भीतर कार्य पूरा कर वार्डवासियों को नल-जल योजना का लाभ मिलने लगेगा। मुख्य पार्षद ने यह भी बताया कि नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा 15 लाख रुपये तक की विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर फिलहाल रोक लगाए जाने के कारण कई आवश्यक कार्य समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया अपनानी पड़ रही है, जिससे कार्य पूरा होने में अपेक्षा से अधिक समय लग रहा है। नगर पंचायत कार्यालय का घेराव करने वालों में मोहम्मद इसराफिल, मोहम्मद गिलानी, मोहम्मद मन्नू, मोहम्मद आजाद, हसरत हुसैन, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद नौशाद, इमरान अली, मोहम्मद तय्यब, मोहम्मद चांद, मोहम्मद कौशिक, मोहम्मद शहंशाह सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल थे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे दोबारा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

समस्तीपुर

गांवों के विकास का रोडमैप तैयार, पंचायतों को सशक्त बनाने का लिया संकल्प

पंचायत विकास दिवस पर मंत्री बोले— मजबूत पंचायतें ही विकसित बिहार और विकसित हिंदुस्तान की आधारशिला नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर (कल्याणपुर) : लोकतंत्र की बुनियाद को और अधिक मजबूत बनाने तथा ग्रामीण विकास की नई दिशा तय करने के उद्देश्य से रविवार को ग्राम पंचायत राज सिमरिया भिण्डी में पंचायत विकास दिवस-2026 का भव्य आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित समारोह में पंचायतों को आत्मनिर्भर, जवाबदेह और विकासोन्मुख बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार प्रशासन के माननीय प्रभारी मंत्री दामोदर राउत, स्थानीय विधायक महेश्वर हजारी, जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, सदर अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इससे पूर्व सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत और सम्मान किया गया। स्वागत भाषण में ग्राम पंचायत राज सिमरिया भिण्डी के मुखिया ने पंचायत में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने का संकल्प दोहराया। इसके बाद जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल ने जिले की पंचायतों में संचालित योजनाओं की प्रगति, पारदर्शी क्रियान्वयन और जनभागीदारी की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। समारोह के दौरान “स्त्री हितैषी पंचायत” विषय पर आधारित प्रेरक वीडियो का प्रदर्शन किया गया। वीडियो के माध्यम से स्त्रीओं की भागीदारी, नेतृत्व क्षमता और पंचायतों में उनकी प्रभावी भूमिका का संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। वही इसी अवसर पर 28 जून से 2 जुलाई तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ माननीय प्रभारी मंत्री दामोदर राउत ने 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया तथा अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुँचाना है। उन्होंने पंचायतों को ग्रामीण विकास की सबसे सशक्त इकाई बताते हुए प्रशासन और आमजन के समन्वय को विकास की सफलता की कुंजी बताया। स्थानीय विधायक महेश्वर हजारी ने कहा कि विकसित गांव ही विकसित बिहार और विकसित हिंदुस्तान की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास योजनाओं को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ धरातल पर उतारने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि माननीय प्रभारी मंत्री दामोदर राउत ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य प्रशासन पंचायतों को और अधिक सशक्त एवं संसाधन संपन्न बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास, स्त्री सशक्तिकरण, स्वच्छता, शिक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता पंचायतों की सक्रिय भूमिका पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को नई गति देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक कार्यक्रम “मन की बात” का सामूहिक श्रवण किया। अंत में 20 सूत्री कार्यक्रम के अध्यक्ष राज कुमार सिंह एवं सदर अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का प्रभावी एवं गरिमामय मंच संचालन शिक्षक सुभीत कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की स्त्रीएं, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

समस्तीपुर

समस्तीपुर में खुला अत्याधुनिक स्मृति आईवीएफ एंड फर्टिलिटी सेंटर, उपमुख्यमंत्री किया उद्घाटन

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर : जिलेवासियों के लिए रविवार का दिन स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि लेकर आया है। शहर में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्मृति आईवीएफ एंड फर्टिलिटी सेंटर का भव्य उद्घाटन बिहार के माननीय उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ. स्मृति स्पर्श बिहार की प्रतिष्ठित चिकित्सकों में शामिल हैं और उनकी समर्पित चिकित्सा सेवा का ही परिणाम है कि उन्हें हाल ही में बांझपन एवं सहायक प्रजनन तकनीकों के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नि:संतानता को आज भी समाज का एक बड़ा अभिशाप माना जाता है। ऐसे में समस्तीपुर में इस आधुनिक आईवीएफ सेंटर की स्थापना न केवल जिले, बल्कि आसपास के जिलों के दंपत्तियों के लिए भी बड़ी राहत साबित होगी। अब मरीजों को आईवीएफ और उन्नत प्रजनन उपचार के लिए दिल्ली, पटना या अन्य महानगरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। उन्हें वैज्ञानिक, सुरक्षित, पारदर्शी और संवेदनशील चिकित्सा सेवाएं अपने ही शहर में उपलब्ध होंगी। उद्घाटन के पश्चात शहर के एक सभागार में आयोजित लोकार्पण समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेंटर की संस्थापक एवं चिकित्सा निदेशक डॉ. स्मृति स्पर्श ने कहा कि स्मृति आईवीएफ एंड फर्टिलिटी सेंटर आधुनिक तकनीक, अनुभवी विशेषज्ञों और अंतरराष्ट्रीय मानकों पर आधारित उपचार प्रणाली से सुसज्जित है। यहां पुरुष एवं स्त्री बांझपन की संपूर्ण जांच एवं उपचार, टेस्ट-ट्यूब बेबी (आईवीएफ), स्पर्म एवं एम्ब्रियो फ्रीजिंग, गर्भधारण पूर्व एवं गर्भावस्था परामर्श, व्यक्तिगत काउंसलिंग तथा वैज्ञानिक उपचार की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। समारोह के दौरान डॉ. स्मृति स्पर्श ने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित विधायक अश्वमेध देवी, विधायक राजेश कुमार सिंह, विधायक राजकुमार राय, विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष खुशबू कुमारी, बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के सदस्य सायन कुणाल तथा भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राम सुमिरन सिंह को शाल, पाग, पौधा एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर “नई सुबह मातृत्व की” पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में मिथिला पेंटिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कुन्दन राय, उत्कृष्ट मंच संचालन के लिए प्रधानाध्यापक अनंत कुमार राय तथा संगीत शिक्षक मंगलेश कुमार को उपमुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। समारोह का भावपूर्ण एवं गरिमामय संचालन प्रधानाध्यापक अनंत कुमार राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक अरविंद सिंह, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुप्रभात कुमार, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

पटना, बिहार, समस्तीपुर

बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु 28 जून को छह परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलेंगी

समस्तीपुर मंडल द्वारा मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, बापूधाम मोतिहारी, पूर्णिया कोर्ट एवं सुपौल से पाटलिपुत्र के लिए विशेष ट्रेनों का परिचालन नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा-2026 के अभ्यर्थियों की सुविधा तथा उनकी सुगम एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल द्वारा 28 जून 2026 (रविवार) को विभिन्न स्टेशनों से पाटलिपुत्र के लिए छह परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। विशेष ट्रेनों का विवरण निम्नानुसार है— 1. गाड़ी संख्या 03217 मधुबनी से 15:00 बजे प्रस्थान कर सिवान 22:00 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन दरभंगा–लहेरियासराय–समस्तीपुर– मुजफ्फरपुर–हाजीपुर–सोनपुर–छपरा होकर चलेगी। 2. गाड़ी संख्या 03218 दरभंगा से 14:45 बजे प्रस्थान कर पाटलिपुत्र 19:45 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन लहेरियासराय– समस्तीपुर–मुजफ्फरपुर–हाजीपुर होकर चलेगी। 3. गाड़ी संख्या 03219 मुजफ्फरपुर से 15:00 बजे प्रस्थान कर पाटलिपुत्र 18:00 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन हाजीपुर–सोनपुर होकर चलेगी। 4. गाड़ी संख्या 03220 बापूधाम मोतिहारी से 15:00 बजे प्रस्थान कर पाटलिपुत्र 20:30 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन चकिया–मुजफ्फरपुर–हाजीपुर होकर चलेगी। 5. गाड़ी संख्या 03221 पूर्णिया कोर्ट से 15:00 बजे प्रस्थान कर पाटलिपुत्र 22:00 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन सहरसा–खगड़िया– बेगूसराय–बरौनी– शाहपुर पटोरी–हाजीपुर होकर चलेगी। 6. गाड़ी संख्या 03222 सुपौल से 14:45 बजे प्रस्थान कर पाटलिपुत्र 21:00 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन सहरसा–खगड़िया– बेगूसराय–बरौनी– शाहपुर पटोरी–हाजीपुर होकर चलेगी।

समस्तीपुर

मोहर्रम को ले सरायरंजन एवं मुसरीघरारी में 10 घंटे विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन: मोहर्रम पर्व के अवसर पर शुक्रवार को मुसरीघरारी चौराहा पर आयोजित ताजिया मिलान कार्यक्रम के मद्देनजर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रहेगी। विद्युत विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 33 केवी गंगापुर फीडर से संचालित बिजली आपूर्ति दो चरणों में बाधित रहेगी।विभागीय जानकारी के अनुसार सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा शाम 4:00 बजे से रात 7:30 बजे तक 33 केवी गंगापुर फीडर से विद्युत आपूर्ति बंद रखी जाएगी। इसके कारण विद्युत शक्ति उपकेंद्र गंगापुर एवं सरायरंजन से संचालित सभी 11 केवी फीडरों की आपूर्ति भी प्रभावित रहेगी। इस दौरान दोनों विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित समय से पूर्व आवश्यक पानी का भंडारण कर लें तथा बिजली से संबंधित जरूरी कार्य समय रहते पूरा कर लें, ताकि आपूर्ति बाधित रहने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ताजिया मिलान के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं जुलूसों की आवाजाही को देखते हुए यह निर्णय एहतियातन लिया गया है। इससे किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की संभावना को रोका जा सकेगा और पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न होगा। यह जानकारी कनीय विद्युत अभियंता मो. रिजवान कैसर, विद्युत आपूर्ति प्रशाखा मुसरीघरारी द्वारा जारी की गई है। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग एवं धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

समस्तीपुर

पूर्ण भक्ति भाव से की गई हनुमान मंदिर में मूर्ति की प्राण– प्रतिष्ठा 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन: प्रखंड के उदयपुर ठाकुरबाड़ी परिसर में नवनिर्मित हनुमान मंदिर में गुरुवार को पूर्ण भक्ति भाव के साथ भगवान हनुमान की मूर्ति की प्राण– प्रतिष्ठा की गई। इस संबंध में मंदिर निर्माता प्रो. दयानंद झा ने बताया कि उन्होंने अपने दिवंगत पिता राम केशव झा एवं माता सागर देवी की पुण्यस्मृति में इस मंदिर का निर्माण करवाया है। इसमें ग्रामीण लोगों का भी भरपूर सहयोग मिला है। प्राण– प्रतिष्ठा के अवसर पर नवनिर्मित मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोचार एवं भक्ति संगीतों से गुंजायमान्य हो उठा है। वहीं मूर्ति के दर्शनार्थ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। आज के आयोजन में पंडित प्रो.सतीश कुमार झा,अनंत मोहन मिश्र,इंद्र मोहन मिश्र,रामबाबू झा, अजीत कुमार झा, अरुण कुमार झा सहित संपूर्ण ग्रामवासी सक्रिय सहयोग दे रहे हैं।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top