Jude Bellingham Argentina match controversy: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अर्जेंटीना से हार के बाद इंग्लैंड के जूड बेलिंगहैम का गुस्सा फूट पड़ा. बारको के साथ उनकी कहासुनी का वीडियो वायरल हो रहा है. जानिए मैच के बाद क्या हुआ.
बारको की टिप्पणी के बाद बढ़ा विवाद
वीडियो के मुताबिक, जब बारको अपने साथियों के साथ ग्रुप सेलिब्रेशन में शामिल होने के लिए आगे बढ़े, तभी उन्होंने बेलिंगहैम की ओर कुछ टिप्पणी की. इंग्लैंड के मिडफील्डर को यह पसंद नहीं आया और उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए बारको के सिर पर हाथ मार दिया. इसके बाद अर्जेंटीना के खिलाड़ी ने भी उन्हें धक्का दिया. हालांकि, दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने तुरंत बीच-बचाव किया और मामला आगे बढ़ने से पहले ही शांत हो गया. बेलिंगहैम ने इस वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था और छह गोल किए थे, लेकिन अर्जेंटीना के खिलाफ सेमीफाइनल में वह अपना प्रभाव नहीं छोड़ पाए। हार के बाद उनकी निराशा साफ दिखाई दी.
अर्जेंटीना की देर से वापसी ने छीनी इंग्लैंड से जीत
सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड लंबे समय तक फाइनल में पहुंचने की स्थिति में नजर आ रहा था, लेकिन अर्जेंटीना ने अंतिम समय में शानदार वापसी की. कप्तान लियोनेल मेसी ने पहले एंजो फर्नांडेज और फिर लाउटारो मार्टिनेज के लिए गोल के मौके बनाए. महज सात मिनट के अंदर किए गए इन दो गोलों ने मैच का रुख बदल दिया और अर्जेंटीना ने जीत हासिल कर ली. मैच के बाद बेलींगहैम ने अपनी निराशा जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके, टीम और इंग्लैंड के प्रशंसकों के लिए बेहद दुखद दिन है. उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए बहुत दुखद दिन है. हमने अच्छा स्पोर्ट्सा, अंत तक संघर्ष किया, लेकिन यह काफी नहीं था.”
टुचेल की रणनीति पर उठे सवाल
इंग्लैंड के मैनेजर थॉमस टुचेल भी सोशल मीडिया पर आलोचनाओं के निशाने पर आ गए. कई प्रशंसकों ने अर्जेंटीना के खिलाफ अंतिम मिनटों में रक्षात्मक रणनीति अपनाने के फैसले पर सवाल उठाए. टुचेल ने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि आलोचना सिर्फ इसलिए हो रही है क्योंकि टीम हार गई. उन्होंने कहा, “मैंने पिछले मैचों में आक्रामक बदलाव भी किए हैं. हमारा उद्देश्य खिलाड़ियों की मदद करना था. गोल करने के तुरंत बाद हमने देखा कि विपक्षी टीम लगातार क्रॉस और मौके बना रही थी, इसलिए हमने बैक फाइव में जाने का फैसला किया.” उन्होंने आगे कहा, “अगर फैसला काम नहीं करता तो जिम्मेदारी कोच की होती है और हार के बाद यह कहना आसान होता है कि फैसला गलत था.”
तीसरे स्थान के लिए फ्रांस से भिड़ेगा इंग्लैंड
वर्ल्ड कप से बाहर होने के बावजूद इंग्लैंड का टूर्नामेंट अभी समाप्त नहीं हुआ है. टीम शनिवार को तीसरे स्थान के प्लेऑफ मुकाबले में फ्रांस का सामना करेगी. वहीं, अर्जेंटीना अब वर्ल्ड कप फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है और खिताब बचाने के लिए मैदान में उतरेगा.
इसे भी पढ़े- लियोनेल मेसी ने रचा नया विश्व रिकॉर्ड, बतौर कप्तान तीसरी बार फाइनल में
The post FIFA World Cup 2026: अर्जेंटीना के खिलाफ हार से भड़के जूड बेलिंगहैम, वीडियो वायरल appeared first on Naya Vichar.
