Hot News

IIIT रांची में आदित्य की मौत के बाद केंद्र ने बनाई जांच कमेटी, छात्रों को मिलने वाली मदद की होगी समीक्षा

IIIT Ranchi Student Protest: झारखंड के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) रांची में प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य कुमार की मौत के बाद छात्रों के विरोध-प्रदर्शन और संस्थान के निदेशक के इस्तीफे की मांगो के बीच शिक्षा मंत्रालय ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है. कमेटी संस्थान में कैंपस की सुविधाओं, काउंसलिंग सेवाओं और छात्रों की शिकायतों के समाधान की व्यवस्था की समीक्षा करेगी. साथ ही, छात्र सहायता व्यवस्था में कमियों की पहचान कर सुधार के सुझाव देगी.

तीन सदस्यीय कमेटी करेगी जांच

कमेटी की अध्यक्षता दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस की निदेशक प्रोफेसर रजनी अब्बी करेंगी. इसमें एक वरिष्ठ मनोचिकित्सक और शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे.

कमेटी घटना से जुड़े हालात की जांच करेगी. साथ ही, यह भी देखेगी कि संस्थान में छात्रों की भलाई के लिए बनाई गई व्यवस्थाएं कितनी प्रभावी हैं. इसके लिए जरूरी दस्तावेजों की समीक्षा की जाएगी और संबंधित लोगों से बातचीत भी की जा सकती है.

कैंपस की व्यवस्थाओं की होगी समीक्षा

कमेटी कैंपस में उपलब्ध सुविधाओं और छात्र सहायता व्यवस्था की जांच करेगी. इसमें मुख्य रूप से इन बातों पर ध्यान दिया जाएगा:

  • कैंपस की सुविधाएं: छात्रों को जरूरी सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं
  • काउंसलिंग और मार्गदर्शन: छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी मदद और पढ़ाई के दौरान सही सलाह देने की व्यवस्था
  • शिकायतों का समाधान: छात्रों की परेशानियों को सुनने और उनका हल निकालने की प्रक्रिया
  • सुधार के सुझाव: मौजूदा व्यवस्था में कमियों की पहचान कर छात्रों की बेहतर मदद के उपाय सुझाना

शिक्षा मंत्रालय ने संस्थान का कामकाज सामान्य रूप से जारी रखने के लिए अंतरिम प्रशासनिक कदम उठाने की भी जानकारी दी है. मंत्रालय के अनुसार, इस दौरान छात्रों के हितों और उनकी भलाई को ध्यान में रखा जाएगा.

10 अक्टूबर को हॉस्टल में मृत मिले थे आदित्य

बिहार के भागलपुर निवासी आदित्य कुमार ने अगस्त में IIIT रांची में दाखिला लिया था. वह प्रथम वर्ष के छात्र थे और मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं दे रहे थे. 10 अक्टूबर 2026 को वह अपने हॉस्टल के कमरे में मृत पाए गए.

संस्थान के निदेशक राजीव श्रीवास्तव के अनुसार, घटना से पिछली रात कैंपस में बिजली गुल होने की सूचना मिली थी. उन्होंने बताया कि साथी छात्रों ने कमरे का दरवाजा खोलकर आदित्य को बाहर निकाला. इसके बाद कैंपस में मौजूद एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

घटना के बाद छात्रों ने किया विरोध-प्रदर्शन

आदित्य कुमार की मौत के बाद IIIT रांची में छात्रों ने विरोध-प्रदर्शन किया. छात्र संस्थान के निदेशक के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्हें समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिली और एंबुलेंस पहुंचने में देरी हुई. वहीं, संस्थान के निदेशक राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि कैंपस में मौजूद एंबुलेंस को तुरंत भेजा गया था.

इस घटना के बाद छात्रों की सुरक्षा, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और मानसिक स्वास्थ्य सहायता को लेकर सवाल उठे हैं. केंद्र की ओर से गठित जांच कमेटी इन व्यवस्थाओं की समीक्षा करेगी और जरूरत के मुताबिक सुधार के सुझाव देगी.

ये भी पढ़ें: IIIT रांची में छात्र की मौत पर दूसरे दिन भी बवाल, निदेशक के इस्तीफे पर अड़े विद्यार्थी; देखें तस्वीरें

The post IIIT रांची में आदित्य की मौत के बाद केंद्र ने बनाई जांच कमेटी, छात्रों को मिलने वाली मदद की होगी समीक्षा appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top