PM Modi in Bengaluru: रविवार को बेंगलुरु में जिस जगह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम को संबोधित करने वाले थे, उससे करीब तीन किलोमीटर दूर दो जिलेटिन स्टिक मिलने के बाद हडकंप मच गया. जिलेटिन स्टिक मिलने के बाद सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, बेंगलुरु के सेंट्रल रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) ने बताया कि प्रधानमंत्री के आने से पहले सुरक्षा जांच के दौरान शहर में एक फुटपाथ के पास ये जिलेटिन स्टिकें बरामद की गईं. अधिकारियों ने बताया कि इस संदिग्ध घटना को गंभीरता से लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ये विस्फोटक वहां कैसे पहुंचे और इसके पीछे कौन जिम्मेदार हो सकता है.
हिरासत में एक शख्स, पुलिस कर रही गहनता से जांच
पीएम मोदी बेंगलुरु में कनकपुरा रोड पर स्थित आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर के 45वें स्थापना दिवस में शामिल हुए थे. पुलिस ने बताया कि कग्गलीपुरा थाना क्षेत्र के तातागुनी के पास नियमित सुरक्षा जांच के दौरान जिलेटिन की छड़ें मिलीं थी. जिलेटिन की छड़ मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल अलर्ट किया गया. पुलिस, बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक कर्मी विस्फोटक सामग्री की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.
जिलेटिन की छड़ें एक प्रकार का विस्फोटक हैं जिनका उपयोग आमतौर पर खनन (Mining) और चट्टानें तोड़ने के लिए किया जाता है. ये कम लागत वाली होती हैं, इस कारण इसका उपयोग अवैध रूप से विस्फोटक बनाने में भी किया जा सकता है, इसलिए इनका सार्वजनिक स्थान पर मिलना गंभीर सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन है.
आर्ट ऑफ लिविंग कार्यक्रम के दौरान सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हिंदुस्तान के आध्यात्मिक मूल्यों ने दुनिया भर के लोगों को प्रभावित किया है, और उन्होंने हिंदुस्तान की परंपराओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने में गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर के योगदान पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा- आज विश्वभर के लोग हिंदुस्तान के आध्यात्मिक मूल्यों से प्रभावित हैं, और इन प्राचीन परंपराओं से प्रेरणा मिलती रही है. इसी भावना से प्रेरित होकर श्री श्री रवि शंकर ने 45 साल पहलेआर्ट ऑफ लिविंग की नींव रखी थी. आज यह हमारे सामने एक विशाल बरगद के वृक्ष की तरह खड़ा है.
बेंगलुरु के बाद पीएम मोदी का हैदराबाद दौरा
प्रधानमंत्री मोदी रविवार को बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद हैदराबाद रवाना हुए. यहां उन्होंने करीब 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इनमें हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे पर गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 को चार लेन बनाना शामिल है. इस मौके पर तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और कई अन्य नेता हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में मौजूद रहे.
Also Read: हिमंता ने राज्यपाल से की मुलाकात, प्रशासन बनाने किया दावा, दूसरी बार बनेंगे मुख्यमंत्री
200 यूनिट फ्री बिजली, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, सीएम विजय के पहले भाषण की 10 बड़ी बातें
The post PM मोदी की सुरक्षा में चूक? बेंगलुरु में कार्यक्रम स्थल के पास जिलेटिन की स्टिक मिलने से हड़कंप appeared first on Naya Vichar.

