ईरान की प्रशासनी मीडिया ‘प्रेस टीवी’ के अनुसार, अमेरिकी हमलों के बाद ईरान के तटीय इलाकों में अफरा-तफरी मच गई. रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बंदर अब्बास और सीरिक इलाके को अमेरिकी मिसाइलों ने निशाना बनाया. इसके अलावा, अबू मूसा द्वीप, चाबहार और कोनारक में भी कम से कम 10 जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई.
जब वे हम पर हमला करेंगे, तो हम उन पर 20 हमले करेंगे
ईरान पर और हमले करने के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “हमने उन्हें 20 के मुकाबले एक के हिसाब से जवाब दिया. हर बार जब वे हम पर हमला करेंगे, तो हम उन पर 20 हमले करेंगे… यह पिछली रात का बदला था. असल में उन्होंने तीन नावों पर हमला किया था, दो पर नहीं. जब वे हमला करते हैं, तो हम कहीं ज्यादा जोरदार जवाब देते हैं.”
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने हमले की पुष्टि की
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इस हमले की आधिकारिक पुष्टि की है. सेंटकॉम ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा- “अमेरिकी सेना प्रमुख के निर्देश पर, अमेरिकी केंद्रीय कमान बलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन (जहाजों की आवाजाही) की स्वतंत्रता को खतरे में डालने की ईरान की क्षमता को कमजोर करने के लिए अतिरिक्त हमले किए हैं. अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग पर वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक दल के खिलाफ किए गए अनुचित आक्रमण के लिए ईरान को जवाबदेह ठहराया जा रहा है.”
ट्रंप ने शेयर किया हमले का फोटो, दी सख्त चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस सैन्य कार्रवाई के कई फोटो साझा किया. फोटो के साथ ट्रंप ने लिखा— “यह ईरान द्वारा कल जहाजों पर किए गए बम हमले का बदला है. अगर ऐसा दोबारा हुआ, तो हालात और भी खराब हो जाएंगे!” हालांकि, तेहरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति के इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए ट्रंप द्वारा शेयर किए गए वीडियो को ‘फर्जी’ और प्रोपेगैंडा करार दिया है.
ईरान पर हमलों का मतलब फिर से युद्ध की शुरुआत नहीं: ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ईरान के खिलाफ फिर से सैन्य हमले करने की चेतावनी दी. उन्होंने इससे पहले कहा था कि ईरान के हमलों से युद्धविराम समाप्त होने का संकेत मिला है. ट्रंप ने हालांकि यह भी कहा कि ईरान के साथ हालिया संघर्ष का यह सिलसिला युद्ध की फिर से शुरुआत का संकेत नहीं है. ट्रंप ने कहा, “जो कुछ भी होगा, वह बहुत तेजी से होगा.”
ईरान का करारा पलटवार: कार्रवाई से देंगे जवाब
अमेरिका की इस कार्रवाई और ट्रंप के बयानों पर ईरान के विदेश मंत्री ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया है. उन्होंने ट्रंप की धमकियों को खारिज करते हुए कहा कि इस तरह की गीदड़भभकियों से ईरानी लोगों की महानता को कम नहीं किया जा सकता. ईरानी विदेश मंत्री ने स्पष्ट लहजे में कहा: “हम किसी की अभद्रता का जवाब बातों से नहीं, बल्कि अपनी ठोस सैन्य कार्रवाई से देते हैं.”
The post अमेरिका ने ईरान पर दागीं मिसाइलें, ट्रंप ने तस्वीरें शेयर कर दी धमकी, तो तेहरान ने बताया फर्जी appeared first on Naya Vichar.

