Farrukhabad News: फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक पांच वर्षीय बच्ची के साथ बड़ा हादसा हो गया. स्कूल से अपनी बहनों के साथ घर लौट रही सौम्या रास्ते में एक आवारा कुत्ते के पीछे दौड़ने से घबरा गई. खुद को बचाने के लिए वह सड़क किनारे बने पुराने सूखे कुएं के ऊपर रखी पटिया पर चढ़ गई. इसी दौरान जर्जर पटिया अचानक टूट गई और बच्ची करीब 45 से 50 फीट गहरे कुएं में जा गिरी. बच्ची की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
करीब तीन घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही SDM अभिषेक वर्मा और CO राजेश कुमार द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. फायर ब्रिगेड और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम को भी बुलाया गया. कुआं काफी गहरा और बंद होने के कारण नीचे दम घुटने और जहरीली गैस का खतरा था. कुछ ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने नीचे उतरने का प्रयास किया, लेकिन सांस लेने में परेशानी होने पर उन्हें वापस आना पड़ा. इसके बाद पुलिस ने सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, जो करीब तीन घंटे चला.
ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर कुएं में उतरा कांस्टेबल
बच्ची को बाहर निकालने के लिए एक कांस्टेबल ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर कुएं के अंदर उतरा. काफी मशक्कत के बाद उसने सौम्या को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. रेस्क्यू के बाद बच्ची को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के साथ उसे ऑक्सीजन दी. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए बच्ची को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया.
डॉक्टरों ने हालत बताई स्थिर
डॉक्टरों के मुताबिक सौम्या की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताई जा रही है. ग्रामीणों, पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य टीम की तत्परता से करीब 45-50 फीट गहरे सूखे कुएं में गिरी बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया. घटना के बाद इलाके में राहत की स्थिति रही कि इतने गहरे कुएं में गिरने के बावजूद बच्ची को समय रहते बाहर निकाल लिया गया.
Must Read- UP में ग्राम प्रधान का चुनाव 2026 में कौन लड़ सकता है और कौन नहीं? जानिए उम्र, योग्यता और जरूरी नियम
The post कुत्ते ने दौड़ाया तो 50 फीट गहरे कुएं में जा गिरी 5 साल की बच्ची, 3 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन appeared first on Naya Vichar.

