Hot News

गाजे-बाजे के साथ हो रही थी शादी, ऐन सिंदूरदान के वक्त बिदक गई दुल्हन

रमना से दिनेश गुप्ता की रिपोर्ट

Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के रमना प्रखंड क्षेत्र के बगोंधा टोला में मंगलवार की रात एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब जयमाला और विवाह की लगभग सभी रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन ने ऐन सिंदूरदान के समय शादी करने से इनकार कर दिया. पूरी रात पंचायत, समझाइश और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद मामला नहीं सुलझ सका. आखिरकार दूल्हे को बिना दुल्हन के ही बारात वापस ले जानी पड़ी. इस अप्रत्याशित घटना से शादी समारोह में मौजूद लोग हैरान रह गए. जो माहौल कुछ देर पहले तक खुशी और उत्साह से भरा हुआ था, वह अचानक तनाव और अफरा-तफरी में बदल गया.

धूम-धाम के साथ पहुंची थी बारात

जानकारी के अनुसार रमना थाना क्षेत्र के बगोंधा टोला निवासी सुखट राम की पुत्री पुष्पा कुमारी की शादी गढ़वा थाना क्षेत्र के जुबैरिया गांव निवासी दशरथ राम उर्फ बसंत राम के पुत्र दीपक कुमार रवि के साथ तय हुई थी. मंगलवार की रात दूल्हा पक्ष की बारात पूरे गाजे-बाजे और धूमधाम के साथ कन्या पक्ष के घर पहुंची. बारातियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. द्वारपूजा की रस्म पूरी होने के बाद दोनों पक्षों के लोगों ने नाच-गाने और उत्सव का आनंद लिया. ग्रामीणों के अनुसार शादी समारोह में सब कुछ सामान्य तरीके से चल रहा था और किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में माहौल पूरी तरह बदल जाएगा.

जयमाला के बाद मंडप में बैठा जोड़ा

स्वागत और अन्य पारंपरिक रस्मों के बाद दूल्हा-दुल्हन की जयमाला की रस्म संपन्न हुई. दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और परिवार के लोगों ने खुशी जताई. इसके बाद विवाह मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शादी की अन्य धार्मिक रस्में शुरू हुईं. पंडित द्वारा विवाह संस्कार पूरे कराए जा रहे थे. दोनों पक्षों के परिजन मंडप के आसपास मौजूद थे और शादी की प्रक्रिया आगे बढ़ रही थी. माहौल पूरी तरह उत्सवमय था.

सिंदूरदान के समय दुल्हन ने किया इनकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही सिंदूरदान की रस्म शुरू हुई और दूल्हा दुल्हन की मांग में सिंदूर भरने लगा, तभी अचानक दुल्हन पुष्पा कुमारी ने हाथ मारकर सिंदूर हटा दिया. इसके बाद उसने साफ शब्दों में शादी करने से इनकार कर दिया. दुल्हन के इस कदम से विवाह मंडप में मौजूद सभी लोग स्तब्ध रह गए. कुछ देर के लिए वहां सन्नाटा पसर गया और लोग समझ नहीं पाए कि आखिर अचानक ऐसा क्या हो गया. बताया जा रहा है कि दुल्हन काफी नाराज और तनाव में दिखाई दे रही थी. हालांकि उसने शादी से इनकार करने का स्पष्ट कारण सार्वजनिक रूप से नहीं बताया.

पूरी रात चली पंचायत और समझौते की कोशिश

घटना के बाद दोनों पक्षों के परिजनों के बीच बातचीत शुरू हुई. लड़की को समझाने का प्रयास किया गया ताकि शादी की रस्म पूरी हो सके, लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि विरंची पासवान सहित कई ग्रामीण और गणमान्य लोग मौके पर पहुंचे. देर रात तक पंचायत चलती रही. दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका. ग्रामीणों का कहना है कि लड़की से बार-बार शादी नहीं तोड़ने की अपील की गई, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी.

पुलिस ने भी की मध्यस्थता

स्थिति बिगड़ती देख लड़के के पिता ने स्थानीय थाना को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की. पुलिस अधिकारियों ने युवती को समझाने और मामला शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन युवती शादी करने को तैयार नहीं हुई. पुलिस की मौजूदगी में भी पंचायत चलती रही, मगर अंत तक कोई सहमति नहीं बन सकी. बताया जा रहा है कि पूरी रात चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने अंततः अलग होने का फैसला किया.

इसे भी पढ़ें: नींद में पति का सिर कलम कर देना चाहती थी पत्नी, चाकू से कर दिया वार

बिना दुल्हन लौट गई बारात

सुबह होते-होते जब यह साफ हो गया कि दुल्हन शादी के लिए तैयार नहीं है, तब दूल्हा पक्ष ने बारात वापस ले जाने का निर्णय लिया. इसके बाद बिना दुल्हन के ही बारात लौट गई. इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. लोग इस शादी को लेकर अलग-अलग तरह की बातें कर रहे हैं. कई लोग इसे युवती की व्यक्तिगत इच्छा का मामला बता रहे हैं, तो कुछ लोग इसे सामाजिक और पारिवारिक दबाव से जोड़कर देख रहे हैं. फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस अनोखी घटना को लेकर लगातार बातचीत कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: चोरों ने रेलवे के लाखों के माल पर हाथ किया साफ, आरपीएफ ने सामान किया बरामद

The post गाजे-बाजे के साथ हो रही थी शादी, ऐन सिंदूरदान के वक्त बिदक गई दुल्हन appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top