Gopalganj Road Potholes : गोपालगंज जिले के बथुआ बाजार की बदहाल सड़क को लेकर नया विचार में समाचार प्रकाशित होने के महज 12 घंटे बाद ही पथ निर्माण विभाग हरकत में आ गया. भागीपट्टी-समउर-मीरगंज मुख्य पथ पर बथुआ बाजार में गड्ढों और जलजमाव की भयावह स्थिति को लेकर बुधवार को प्रकाशित समाचार का असर गुरुवार को मौके पर साफ दिखा. विभागीय टीम जेसीबी, हाइवा, ईंट और राबिश लेकर पहुंची और सड़क पर बने गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया.
कल की समाचार में सड़क की तस्वीर इस कदर बदहाल थी कि 30 मीटर के दायरे में करीब 50 गड्ढे मिले थे. बारिश का पानी भरने के कारण सड़क और तालाब में फर्क करना मुश्किल हो गया था. राहगीरों और बाइक सवारों के लिए यह रास्ता लगातार हादसे का कारण बना हुआ था. समाचार प्रकाशित होने के बाद विभाग ने तत्काल फौरी राहत देने की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी.
कल सड़क बनी थी तालाब, आज गड्ढों में भरी जा रही राबिश
नया विचार ने बुधवार को ‘चौंकिए मत, जनाब! यह तालाब नहीं गोपालगंज की सड़क है; 30 मीटर में करीब 50 गड्ढे’ शीर्षक से बथुआ बाजार की सड़क की बदहाल तस्वीर सामने रखी थी. समाचार में बताया गया था कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा था. कई बार बाइक सवार और पैदल राहगीर इन गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो रहे थे.
सड़क की बदहाली के कारण बाजार के व्यवसायी लंबे समय से परेशान थे. व्यवसायियों ने कई बार सड़क जाम कर विरोध जताया था और सड़क व नाले के निर्माण की मांग अधिकारियों से की थी.
व्यवसायियों ने कहा- समाचार ने अधिकारियों को जगाया
बथुआ बाजार के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों ने नया विचार का आभार जताते हुए कहा कि सड़क की समस्या को लेकर लंबे समय से आवाज उठायी जा रही थी. कई बार अधिकारियों से शिकायत और सड़क जाम के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ. नया विचार में समाचार प्रकाशित होने के बाद विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मरम्मत का काम शुरू हुआ.
स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क की मरम्मत होने से बाजार आने-जाने वाले लोगों के साथ आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को भी राहत मिलेगी. अब लोगों की नजर विभाग के उस दावे पर है कि एक माह के भीतर सड़क का पीसीसी निर्माण पूरा कराया जाएगा.
Also Read : चौंकिए मत, जनाब! यह तालाब नहीं गोपालगंज की सड़क है; 30 मीटर में करीब 50 गड्ढे
The post गोपालगंज की 30 मीटर सड़क पर 50 गड्ढे, समाचार छपते ही 12 घंटे में जागा पथ निर्माण विभाग; JCB से भरी गयी राबिश appeared first on Naya Vichar.