बोड़ाम : बोड़ाम में शनिवार को क्रिकेट का रोमांच मैदान से निकलकर नीलामी के मंच तक पहुंच गया. बीपीपीएल सीजन-3 के लिए हुई खिलाड़ियों की नीलामी में बोली का ऐसा रोमांच दिखा कि हर टीम अपने पसंदीदा खिलाड़ी को अपने पाले में करने के लिए प्वाइंट खर्च करती नजर आयी. दलगोविंद सिंह 7,900 प्वाइंट की बोली के साथ नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे. उन्हें महाकाल इलेवन ने अपनी टीम में शामिल किया. प्रतियोगिता का आयोजन 9, 10 और 11 अक्तूबर को बोड़ाम के हथियाडीह फुटबॉल मैदान में किया जायेगा.
आईपीएल की तर्ज पर किया जा रहा आयोजन
बीपीपीएल सीजन-3 का आयोजन बोड़ाम और हथियाडीह क्रिकेट टीम की ओर से आईपीएल की तर्ज पर किया जा रहा है. शनिवार को हुई नीलामी में 96 खिलाड़ियों पर बोली लगी. आठ टीमों के मालिकों ने अपनी पसंद के 12-12 खिलाड़ियों को बोली लगाकर टीम में शामिल किया.
इन खिलाड़ियों पर लगी बड़ी बोली
नीलामी में दलगोविंद सिंह सबसे महंगे खिलाड़ी रहे. उनके अलावा ब्रो एंड ब्रदर्स इलेवन ने अरविंद सिंह को 7,000 प्वाइंट में खरीदा. विराट इलेवन ने मानस दत्ता पर 6,700 प्वाइंट खर्च किये. वहीं, कमलपुर क्लासिक ने प्रदीप कुमार को 5,600 प्वाइंट में अपनी टीम में शामिल किया. वहीं, इन्द्रा इलेवन ने पिंटू मांझी को 5,000 प्वाइंट, पार्थ इलेवन ने कपिल मिश्रा को 4,800 प्वाइंट और दलमा टाइगर्स ने अभय सिंह को 4,000 प्वाइंट में खरीदा. चंदना इलेवन ने आशीष गोप पर 3,100 प्वाइंट खर्च कर उन्हें टीम में शामिल किया. प्रत्येक एक प्वाइंट का अर्थ है एक रुपये.
हर टीम में होंगे आइकन खिलाड़ी
बीपीपीएल सीजन-3 को खास बनाने के लिए प्रतियोगिता में शामिल प्रत्येक टीम में एक-एक ऑल इंडिया आइकन और एक-एक लोकल आइकन खिलाड़ी को शामिल किया गया है. आयोजकों के अनुसार, इन खिलाड़ियों की मौजूदगी से प्रतियोगिता में मुकाबला और रोमांच बढ़ेगा.
9 अक्तूबर से हथियाडीह में दिखेगा क्रिकेट का रोमांच
बीपीपीएल सीजन-3 के मुकाबले 9, 10 और 11 अक्तूबर को हथियाडीह फुटबॉल मैदान में स्पोर्ट्से जायेंगे. आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है. शनिवार को हुई नीलामी ने टूर्नामेंट के रोमांच को मुकाबले शुरू होने से पहले ही बढ़ा दिया है. नीलामी का संचालन कमेंट्री राजेश कुमार मन्ना ने किया. आयोजन को सफल बनाने में केशव गोप, राजा मोदक, राम कुमार प्रामाणिक, हेमंत मोदक, विवेक गोप, मेघनाथ गोप, भास्कर महतो, पार्थ गोप और राहुल मंडल समेत अन्य की सराहनीय भूमिका रही.
The post झारखंड के इस गांव में IPL जैसा ऑक्शन, 96 खिलाड़ियों की लगी बोली, जानें किस टीम ने किस प्लेयर पर लुटाये कितने रुपये appeared first on Naya Vichar.