नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्राथमिक विद्यालय कन्या सरायरंजन में सरप्लस वरीय शिक्षिका श्रीमती आभा रानी के सम्मान में विद्यालय परिवार की ओर से एक भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उपस्थित होकर उन्हें भावभरी विदाई दी।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार द्वारा आभा रानी को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके द्वारा विद्यालय में दिए गए 22 वर्ष 10 महीने के समर्पित और सराहनीय सेवाकाल को याद करते हुए उनके योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। विदाई के इस भावुक क्षण में बच्चों का अपार प्रेम और आदर देखकर माहौल अत्यंत भावुक हो गया तथा सभी की आँखें नम हो आईं। आभा रानी ने भी अपनी आँखों में छलके आँसुओं को रोकते हुए बच्चों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा अपने नए विद्यालय में कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया। इस विदाई सह सम्मान समारोह में मुख्य रूप से प्रधान शिक्षक शंभू ईश्वर, जनकनन्दनी कुमारी, अरविन्द राय, अमित कुमार चन्दन, राजेश कुमार, अनुप्रिया, सुधा कुमारी, अर्जुन रजक के साथ-साथ विद्यालय की सभी रसोइया एवं उपस्थित सभी बच्चों ने अत्यंत भारी मन से आभा रानी को विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।