Jimmy Shergill: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर जिमी शेरगिल इन दिनों अपनी आने वाली नई फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को लेकर काफी चर्चा में हैं. इस फिल्म के डायरेक्टर मशहूर कॉमेडी किंग डेविड धवन हैं. हाल ही में जिमी शेरगिल ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए एक बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि वह सालों से डेविड धवन के साथ काम करना चाहते थे और अब जाकर उनका यह सपना सच हो पाया है. इस फिल्म में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं.
35-36 साल पुराना सपना आखिरकार हुआ सच
ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान जिमी शेरगिल काफी खुश नजर आए. उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, “‘मैं 1992 में बॉम्बे आया था और मेरे सपने थे कि मैं एक अच्छा और सीरियस एक्टर बनूं. लेकिन उस वक्त भी हर महीने-दूसरे महीने डेविड जी की एक फिल्म आती थी और वो ब्लॉकबस्टर होती थी. हमेशा दिमाग में चलता रहता था कि यार, कभी डेविड जी के साथ काम करने का मौका मिल जाए, तो फिर क्या बात हो जाए. और जब आप किसी चीज की दिल से इच्छा करते हैं, तो वो सच भी हो जाती है.आज 35-36 साल बाद मैं डेविड जी के साथ फिल्म कर रहा हूं और ये अनुभव कमाल का रहा.
शनिवार को रिलीज हुआ फिल्म का धमाकेदार ट्रेलर
इस फिल्म को लेकर दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने वाला है. कल शनिवार को फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का शानदार ट्रेलर रिलीज किया गया था. ट्रेलर लॉन्च के खास मौके पर जिमी शेरगिल भी मौजूद थे. फिल्म के ट्रेलर में जबरदस्त कॉमेडी, रोमांस और ढेर सारी गलतफहमियों का तड़का देखने को मिल रहा है. ट्रेलर के मजेदार डायलॉग्स और सीन लोगों को हंसने पर मजबूर कर रहे हैं. यह फिल्म पूरी तरह से एक फैमिली ड्रामा और कॉमेडी से भरपूर पैकेज है, जो दर्शकों का खूब मनोरंजन करने वाली है.
शूटिंग के दौरान जिमी को आया बड़ा मजा
जिमी शेरगिल ने डेविड धवन के साथ काम करने के अपने अनुभव को बेहद कमाल का बताया. उन्होंने हंसते हुए कहा कि उन्हें फिल्म की शूटिंग में इतना मजा आया कि उन्होंने डेविड जी से एक खास गुजारिश भी कर डाली. जिमी ने डेविड धवन से कहा कि जब तक इस फिल्म का एडिट और पोस्ट-प्रोडक्शन का काम चल रहा है, तब तक आप मेरे साथ अपनी दूसरी फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दीजिए.
कब रिलीज होगी फिल्म ?
आपको बता दें कि जिमी शेरगिल ने साल 1996 में फिल्म ‘माचिस’ से अपने करियर की शुरुआत की थी और साल 2000 में आई फिल्म ‘मोहब्बतें’ से उन्हें बड़ी पहचान मिली थी. अब वह डेविड धवन की इस बड़ी फिल्म में अपना जलवा दिखाने के लिए तैयार हैं. खास बात यह है कि वरुण धवन और उनके पिता डेविड धवन की जोड़ी की यह चौथी फिल्म है. इससे पहले भी यह बाप-बेटे की जोड़ी कई सुपरहिट कॉमेडी फिल्में दे चुकी है. यह फिल्म आने वाली 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है.
यह भी पढ़ें: बेटे वरुण धवन का जिक्र करते ही रो पड़े डेविड धवन, VIDEO वायरल
The post डेविड धवन की फिल्मों के दीवाने थे जिमी शेरगिल, 35 साल बाद सच हुआ सालों पुराना सपना appeared first on Naya Vichar.

