Instant Tea Time Snacks: पूरे दिन के सभी कामों को निपटा लेने के बाद जब हम शाम को चाय पीने बैठते हैं, तो यह हमारे लिए पूरे दिन का सबसे रिलैक्सिंग टाइम होता है. पूरे दिन की थकावट के बाद जब गर्मागर्म चाय की पहली चुस्की हम लेते हैं, तो दिमाग के साथ-साथ शरीर भी एकदम फ्रेश फील करने लगता है. चाय पीना तो हम सभी पसंद करते हैं, लेकिन इसके साथ क्या खाया जाए, इसे लेकर अक्सर कन्फ्यूजन बना रहता है. हममें से ज्यादातर लोग आलस में आकर या तो बिस्किट उठा लेते हैं या फिर चिप्स और समोसे. ये सभी चीजें खाने में भले ही कितनी भी टेस्टी और मजेदार क्यों न लगें, लेकिन जब हम इन्हीं चीजों को रोज खाने लगते हैं, तो कुछ ही दिनों में ये बोरिंग लगने लगती हैं. साथ ही, इनमें मौजूद मैदा और चीनी हमारी सेहत को नुकसान पहुंचाने का काम भी करते हैं.
अगर आप भी ये चीजें खा-खाकर बोर हो चुके हैं और अब अपनी सेहत को नुकसान पहुंचाए बिना शाम की चाय का मजा लेना चाहते हैं, तो आज का यह आर्टिकल आपके लिए ही है. आज हम आपको 5 ऐसे इंस्टेंट और हेल्दी स्नैक्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें आप घर पर मौजूद चीजों से ही मिनटों में बनाकर तैयार कर सकते हैं. तो चलिए इन स्नैक्स को बनाने की सबसे आसान रेसिपी जानते हैं, ताकि आपकी शाम की चाय अगली बार से बोरिंग या अनहेल्दी न लगे.
अगर समय की कमी है तो रोस्टेड मखाना और मूंगफली
अगर आपके पास समय की कमी है और आप कुछ लाइट लेकिन हेल्दी खाना चाहते हैं, तो रोस्टेड मखाना और मूंगफली आपके लिए सबसे बेहतरीन और परफेक्ट चॉइस है. इसे बनाना आपकी सोच से भी ज्यादा आसान है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कढ़ाई में एक छोटा चम्मच देसी घी डालकर गरम करें. अब इसमें आधा कप मूंगफली डालें और मीडियम आंच पर 2 से 3 मिनट तक तब तक भूनें जब तक वह हल्की क्रिस्पी न हो जाए. इसके बाद कढ़ाई में 2 कप मखाने डाल दें. गैस की आंच धीमी करें और मखानों को लगातार चलाते हुए 5 से 7 मिनट तक सेकें. जब मखाना हाथ से दबाने पर आराम से टूट जाए और क्रंच की आवाज आए, तो समझें यह तैयार है. अब गैस बंद कर दें और गरम मखाने में ही आधा चम्मच नमक, आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर और एक चम्मच चाट मसाला डालकर अच्छे से मिक्स कर लें. यह स्नैक खाने में तो मजेदार है ही, साथ ही आपकी बॉडी को भरपूर एनर्जी भी देता है.
ये भी पढ़ें: बच्चों को रोज ब्रेड-जैम खिलाकर स्कूल भेजने की जरूरत नहीं, सिर्फ 10 से 15 मिनट में बनाएं ये 5 तरह के टेस्टी चिल्ले
अगर शाम में ज्यादा भूख लगी हो तो ब्रेड सूजी टोस्ट
अगर आप उन लोगों में से हैं जिन्हें शाम के समय थोड़ी ज्यादा भूख लगती है और आपको इस समय कुछ क्रिस्पी खाने का मन करता है, तो ब्रेड सूजी टोस्ट की यह रेसिपी आपके लिए एकदम परफेक्ट है. इसे बनाना आसान भी है और यह काफी कम समय में बनकर तैयार भी हो जाता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में आधा कप सूजी, 3 से 4 चम्मच फ्रेश दही, बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया और थोड़ा सा नमक मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को 5 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि सूजी थोड़ी फूल जाए. अब एक ब्रेड स्लाइस लें और इस पेस्ट को ब्रेड की एक तरफ चम्मच से अच्छे से लगा दें. इसके बाद एक तवे पर थोड़ा सा बटर या तेल लगाएं और ब्रेड को सूजी वाली साइड से तवे पर रख दें. अब इसे धीमी आंच पर सिकने दें और फिर थोड़ी देर बाद ब्रेड के ऊपरी हिस्से पर भी हल्का बटर लगाकर उसे पलट दें. अब दोनों तरफ से गोलडन और क्रिस्पी होने तक सेकें. इसे बीच से कट करके सॉस या हरी चटनी के साथ खाएं, आपके शाम की चाय का मजा दोगुना हो जाएगा.
पैक्ड नमकीन से बहुत बेहतर है पोहा चिवड़ा
अगर आप हर शाम चाय के साथ मार्केट में मिलने वाले नमकीन खाना पसंद करते हैं, तो उन पैक्ड चीजों से कहीं ज्यादा बेहतर और हेल्दी होता है घर का बना पोहा और चिवड़ा. पूरी तरह से ड्राई होने की वजह से आप इसे एक बार में ही थोड़ा ज्यादा बनाकर डिब्बे में स्टोर करके कई दिनों तक खा सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक सूखी कढ़ाई में 2 कप पतला वाला पोहा लें और उसे धीमी आंच पर 3 से 4 मिनट सूखा ही भूनकर प्लेट में निकाल लें. अब उसी कढ़ाई में 2 चम्मच तेल गरम करें और फिर इसमें थोड़ी सी राई, कढ़ी पत्ता, कटी हुई हरी मिर्च और आधा कप मूंगफली डालकर फ्राई करें. जब मूंगफली पक जाए तो आंच धीमी करके चुटकी भर हल्दी और नमक डालें. तुरंत ही भुना हुआ पोहा कढ़ाई में डालें और हल्के हाथों से चलाएं ताकि पोहा टूटे नहीं. इसे लगभग 2 मिनट भूनने के बाद गैस बंद कर दें. ठंडा होने पर यह एकदम क्रंची और मजेदार हो जाता है.
ये भी पढ़ें: खिचड़ी को समझते हैं बोरिंग और बीमारों का खाना? ये 5 टेस्टी रेसिपीज ट्राय करने के बाद बदल जाएगी आपकी सोच
अगर कुछ चटपटा खाने का मन है तो क्रिस्पी कॉर्न चाट
अगर काम की चाय के साथ आपका मन कुछ चटपटा और खट्टा-मीठा खाने का कर रहा हो, तो ऐसे में कॉर्न चाट से बेहतर स्नैक आपके लिए और कुछ हो ही नहीं सकता है. यह टेस्टी होने के साथ-साथ फटाफट बनकर तैयार भी हो जाता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले डेढ़ कप स्वीट कॉर्न को थोड़े से नमकीन पानी में 5 मिनट के लिए उबाल लें. इसके बाद पानी छानकर कॉर्न को एक बाउल में निकाल लें. अब इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और ढेर सारा हरा धनिया मिलाएं. इसके स्वाद को और भी ज्यादा बढ़ाने के लिए ऊपर से थोड़ा सा भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला, काला नमक और 2 चम्मच नींबू का रस डालकर अच्छे से मिक्स कर लें. यह चाट देखने में जितनी कलरफुल लगती है, खाने में उतनी ही टेस्टी और लाइट होती है.
घर पर अचानक मेहमान आ जाए तो उड़द-मूंग पापड़ चाट
अगर शाम के समय आपके घर पर अचानक दोस्त या मेहमान आ जाएं और आपको उन्हें इम्प्रेस करने के लिए मिनटों में कुछ बनाना हो, तो यह उड़द-मूंग पापड़ चाट से बेहतर और कोई डिश हो ही नहीं सकती है. यह रेसिपी इसलिए भी स्पेशल है क्योंकि इसे बनाने में सिर्फ 2 से 3 मिनट का समय लगता है. इसे बनाने के लिए बनाने के लिए सबसे पहले उड़द या मूंग दाल के 2 पापड़ लें और उन्हें तवे पर या सीधे गैस की आंच पर सेक लें. अब सेके हुए पापड़ को एक बड़ी प्लेट में रखें. इसके बाद ऊपर से बारीक कटा प्याज, टमाटर और उबले हुए आलू के छोटे-छोटे टुकड़े फैला दें. अब इसके ऊपर से कटी हरी मिर्च, थोड़ा सा चाट मसाला और नींबू का रस छिड़कें. सबसे लास्ट में थोड़ी सी भुजिया नमकीन और हरा धनिया डालकर तुरंत सर्व करें. इस बात का ख्याल रखें कि इसे बनाते ही खा लें, नहीं तो पापड़ सॉफ्ट हो जाएगा और क्रंच चला जाएगा.
ये भी पढ़ें: न दाल भिगोने की जरूरत न बैटर फर्मेंट करने की टेंशन, सिर्फ 15 मिनट में बनाएं ये 5 तरह के टेस्टी डोसे
The post शाम की चाय के साथ बिस्किट उठाने से पहले एक बार जरूर ट्राय करें ये 5 क्रिस्पी स्नैक्स, मिनटों में होंगे तैयार appeared first on Naya Vichar.

