Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि उत्तराखंड में 1 मई से 6 मई तक बारिश-बर्फबारी के साथ 40-50 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, पंजाब में 3 से 6 मई तक, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 1 के अलावा 3 से 6 मई तक, उत्तर प्रदेश में 4 से 6 मई तक मौसम बदला रहेगा. इन राज्यों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
पश्चिमी राजस्थान में 2 और 3 मई, जबकि पूर्वी राजस्थान में 2 से 6 मई तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30-40 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं.
बंगाल में बारिश की संभावना
1 से 3 मई के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल ( दार्जिलिंग, कलिम्पोंग,जलपाईगुड़ी वाला इलाका) और सिक्किम में मौसम खराब रह सकता है. वहीं 1 से 5 मई तक गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल (कोलकाता, हावड़ा, हुगली और उसके आसपास के क्षेत्र) में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं (30-50 किमी/घंटा) भी चल सकती हैं.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना
अगले 5 दिनों के दौरान मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कई जगह गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं विदर्भ में 2 से 4 मई के बीच भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई गई है.
इन राज्यों में भी बारिश की संभावना
1 से 4 मई के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना, केरल और माहे में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. तटीय आंध्र प्रदेश में 3 और 4 मई को, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 1 से 3 मई तक, जबकि लक्षद्वीप और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 1 मई को बारिश और बिजली गिरने की संभावना है.
पूरा प्रेस रिलीज देखने के लिए यहां क्लिक करें
राजस्थान में हल्की बूंदाबांदी और बारिश
राजस्थान के अधिकतर भागों में तेज गर्मी के बीच कई जगह हल्की बारिश या बूंदाबांदी हुई. एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं का प्रभाव नजर आएगा. इसके असर से आगामी 2-3 दिन दोपहर के बाद 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है. कहीं-कहीं हल्की बारिश भी होगी. इसी तरह मई के पहले सप्ताह में भी राज्य में कहीं-कहीं लू की परिस्थितियां दर्ज होने के अलावा दोपहर बाद आंधी चलने और बूंदाबादी या बारिश होने का अनुमान है.

दिल्ली का मौसम कैसा रहने वाला है?
दिल्ली में 1 मई से 6 मई तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. शुरुआत में 1 और 2 मई को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और अधिकतम तापमान लगभग 39 से 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. 3 और 4 मई को मौसम ज्यादा बदलकर सामान्य रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना रहेगी. इस दौरान तेज हवाएं 25-35 किमी/घंटा और झोंके 40-45 किमी/घंटा तक चल सकती हैं. 5 मई को भी हल्की बारिश और बादल छाए रह सकते हैं.

झारखंड में बारिश की संभावना
झारखंड में 1 से 4 मई के दौरान मौसम ज्यादातर आंशिक रूप से बादलों से भरा रहेगा. इस अवधि में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. 2 मई को उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर बाकी इलाकों में बारिश या गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. कुल मिलाकर इन दिनों मौसम बदलता रहेगा और कहीं-कहीं हल्की बारिश देखने को मिल सकती है.
The post बदलेगा मौसम, इन राज्यों में 5 मई तक बारिश की संभावना appeared first on Naya Vichar.

