JET Exam 2026: झारखंड में JET 2026 परीक्षा के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला है. बोकारो के सेक्टर 9 पटेल स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सेट के 32 प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्र तक पहुंचे ही नहीं. जैसे ही यह बात अभ्यर्थियों को पता चली, वे आक्रोशित हो गए और जोरदार हंगामा शुरू कर दिया.
अभ्यर्थियों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए
सैकड़ों की संख्या में मौजूद अभ्यर्थियों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. मौके पर स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा. घटना की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) खुद मौके पर पहुंचे. उनके साथ जिले के लगभग सभी थानों की पुलिस, सिटी डीएसपी और यातायात डीएसपी भी मौजूद हैं.
मीडिया कवरेज पर भी रोक लगाई जा रही
ध्यान देने वाली बात यह है कि प्रशासन द्वारा मीडिया कवरेज पर भी रोक लगाई जा रही है. पत्रकारों को वीडियो बनाने से रोका जा रहा है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है, लेकिन अभ्यर्थियों में आक्रोश साफ देखा जा सकता है. अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कदम उठाता है और छात्रों को कब तक न्याय मिल पाता है.
JPSC ने जारी की सूचना
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 के दौरान प्रश्न पत्रों की कमी और उनके स्पष्ट न होने के कारण परीक्षा को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है. इन दोनों विषयों की परीक्षा के लिए नई तिथि की घोषणा आयोग द्वारा जल्द ही अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: Water Crisis: रांची में गहराया जल संकट, धुर्वा में बूंद-बूंद पानी को तरस रहे 1 लाख लोग
इसे भी पढ़ें: अवैध संबंध बनाने के लिए पति की कराई थी हत्या, फरार एक और आरोपी गिरफ्तार
The post बोकारो : JET 2026 परीक्षा में हंगामा, 32 प्रश्नपत्र न पहुंचने से अभ्यर्थियों का विरोध appeared first on Naya Vichar.

