Prateek Yadav Death: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया. वह लगभग 38 वर्ष के थे. प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर को उनके आवास लाने के बाद समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव श्रद्धांजलि देने पहुंचीं.
सपा विधायक ने की प्रतीक के निधन की जांच की मांग
अखिलेश यादव ने प्रतीक के निधन पर शोक व्यक्त किया. इधर सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने मामले की जांच हाई कोर्ट के किसी रिटायर्ड जज से कराने की मांग की है. अखिलेश यादव से जब जांच के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा- परिवार जो फैसला करेगा, उसी के अनुरूप काम किया जाएगा. सपा प्रमुख अखिलेश यादव सुबह सिविल अस्पताल पहुंचे और फिर वहां से किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) गये जहां प्रतीक के शव का पोस्टमार्टम किया गया. अखिलेश यादव ने कहा- प्रतीक अपनी मेहनत से कुछ करना चाहते थे और उनकी मृत्यु बहुत दुखद है.
तबीयत खराब होने पर प्रतीक को सुबह अस्पताल ले जाया गया था
तबीयत खराब होने पर प्रतीक को सुबह सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनकी मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. सिविल अस्पताल के निदेशक डॉक्टर जीसी गुप्ता ने बताया कि प्रतीक को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था. गुप्ता ने कहा, ‘हमने जरूरी प्रक्रियाओं का पालन किया और मृत्यु की पुष्टि होने के बाद हमने वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस को सूचित किया.
कौन थे प्रतीक यादव?
प्रतीक यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे. प्रतीक की पत्नी भाजपा नेता अपर्णा यादव इस वक्त उत्तर प्रदेश राज्य स्त्री आयोग की उपाध्यक्ष हैं. ‘फिटनेस’ के शौकीन प्रतीक बेहद प्रभावशाली नेतृत्वक परिवार से होने के बावजूद सियासत से दूर रहते थे.
प्रतीक ने पत्नी अपर्णा पर लगाया था गंभीर आरोप, बाद में सुलह की जानकारी भी दी थी
पीटीआई की समाचार के अनुसार इसी साल 19 जनवरी को प्रतीक ने पत्नी अपर्णा यादव पर अपने पारिवारिक रिश्तों को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि वह जल्द से जल्द अपनी पत्नी से तलाक ले लेंगे. अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट में प्रतीक ने अपर्णा को ‘स्वार्थी’ और ‘परिवार तोड़ने वाली’ करार देते हुए उन पर शोहरत के पीछे भागने का आरोप भी लगाया था. हालांकि, 28 जनवरी को उन्होंने एक बार फिर अपनी पत्नी के साथ सुलह का ऐलान करते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने कहा था, 19 जनवरी को मेरी पत्नी अपर्णा के साथ मेरा गंभीर विवाद हुआ था जिसके बाद मैंने सोशल मीडिया पर दो पोस्ट किए थे. लेकिन, अब आपसी बातचीत के बाद यह मामला सुलझ गया है और हमारे बीच अब कोई विवाद नहीं है. उन्होंने एक अन्य पोस्ट में अपर्णा के साथ अपना एक वीडियो भी साझा किया था.
ये भी पढ़ें: मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन, योगी आदित्यनाथ ने बताया अत्यंत दुखद
The post लखनऊ पहुंचीं अपर्णा यादव, पोस्टमॉर्टम के बाद घर ले जाया गया प्रतीक का पार्थिव शरीर appeared first on Naya Vichar.

