Hot News

पैक्स चुनाव : 60 से 70 प्रतिशत तक हुआ मतदान

जमुई .

जिले के विभिन्न प्रखंडों में शुक्रवार को कड़ी प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था के बीच पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गया. चकाई, सोनो, बरहट, गिद्धौर, झाझा और अलीगंज प्रखंडों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 4:30 बजे तक चला. मतदान के दौरान पुरुषों के साथ-साथ स्त्रीओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली. चकाई प्रखंड में पांच पंचायतों के नौ मतदान केंद्रों पर मतदान कराया गया, जहां लगभग 60.2 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. बामदह, सरौन और घुटवे पंचायत में चुनाव पहले ही निर्विरोध संपन्न हो चुका था. शेष बोगी, बर्मोरिया, रामचंद्रडीह, चौफला और कल्याणपुर पंचायत में मतदान कराया गया. बीडीओ सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी मनीष आनंद ने बताया कि शाम 5 बजे से मतगणना चकाई किसान भवन में शुरू होगी. चौफला पंचायत में बोगस वोटिंग की सूचना पर प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. सोनो प्रखंड में नौ पंचायतों में शांतिपूर्ण मतदान हुआ, जहां लगभग 70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. बलथर, लखनकियारी, महेश्वरी, रजौन, बाबूडीह, छुछनरिया, लालीलेबार, थम्हन और दहियारी पंचायतों में 22 मतदान केंद्र बनाए गए थे. मतदान के दौरान बलथर बूथ संख्या-3 से दो फर्जी मतदाताओं को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले किया गया. मतगणना प्रखंड कार्यालय परिसर में देर शाम से शुरू की गई. बरहट प्रखंड के डाढा, गुगुलडीह और पांडो पंचायत में कुल 66.53 प्रतिशत मतदान हुआ. डाढा पंचायत में सर्वाधिक 83.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. यहां कुल 10 मतदान केंद्रों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की तैनाती की गई थी. चुनाव के बाद मतगणना कार्य प्रखंड कार्यालय में शुरू कर दिया गया.

गिद्धौर प्रखंड के कुंधुर और पूर्वी गुगुलडीह पैक्स सीट पर 4 मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा. कुल 742 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. एसडीपीओ, बीडीओ और थाना प्रभारी सहित कई पदाधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे.

झाझा प्रखंड में सात पैक्स में लगभग 70 प्रतिशत मतदान हुआ. बाराजोर और बाराकोला पैक्स में अध्यक्ष पद के लिए एक-एक उम्मीदवार होने के कारण चुनाव नहीं हुआ, जबकि अन्य पंचायतों में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराया गया. मतगणना शुक्रवार को ही शुरू कर दी गई.

अलीगंज प्रखंड के मिर्जगंज पंचायत में दो मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान हुआ, जहां कुल 556 मतदाताओं ने वोट डाले. मतदान के बाद मतगणना किसान भवन में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू की गयी.

जिले भर में पैक्स चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा. सभी मतदान केंद्रों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त माहौल में संपन्न हो सकी.

The post पैक्स चुनाव : 60 से 70 प्रतिशत तक हुआ मतदान appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top